कांग्रेस ने ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान के लिए छत्तीसगढ़ के नौ नेताओं को पर्यवेक्षक नियुक्त किया है. पार्टी के अनुसार, ये पर्यवेक्षक अलग-अलग जिलों के समूहों में अभियान से जुड़ी गतिविधियों की निगरानी करेंगे.

छत्तीसगढ़ से फूलोदेवी नेताम, मोहन मरकाम, विकास उपाध्याय, अमरजीत भगत, शिवकुमार डहरिया, जय सिंह अग्रवाल, प्रेमसाय सिंह टेकाम, नरेश ठाकुर और कोको पाढ़ी को जिम्मेदारी दी गई है.

कांग्रेस की ओर से 16 अक्टूबर को जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, नियुक्तियों को पार्टी अध्यक्ष की मंजूरी के बाद तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है. पर्यवेक्षकों को संबंधित जिलों में अभियान की गतिविधियों पर नजर रखने और उनकी निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है.

देशभर में 208 पर्यवेक्षक नियुक्त

पार्टी ने इस अभियान के लिए देशभर में कुल 208 पर्यवेक्षक नियुक्त किए हैं. कांग्रेस के मुताबिक, अभियान के जरिए मतदाता सूची और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े मुद्दे उठाए जा रहे हैं.

पार्टी का कहना है कि इसके तहत मतदाता सूची में गड़बड़ी और वोट के अधिकार से जुड़े सवालों को सामने रखा जाएगा. अलग-अलग क्षेत्रों में अभियान को आगे बढ़ाने और गतिविधियों की निगरानी के लिए पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की गई है.