छत्तीसगढ़ कांग्रेस अपने 41 जिला अध्यक्षों के कामकाज का आकलन प्रदर्शन आधारित रैंकिंग के जरिए कर रही है. इसमें जमीनी सक्रियता, धरना-प्रदर्शन, ब्लॉक और बूथ स्तर की बैठकें तथा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) और प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) से मिले टास्क पूरे करने जैसे मानदंड शामिल हैं. समीक्षा के बाद संगठनात्मक स्तर पर आगे के फैसले लिए जा सकते हैं.
यह निगरानी कांग्रेस के राष्ट्रीय ‘कनेक्ट’ प्लेटफॉर्म के जरिए की जा रही है. इसमें प्रदेश प्रभारी से लेकर प्रदेश, जिला, ब्लॉक और बूथ स्तर के पदाधिकारी जुड़े हैं. रायपुर स्थित प्रदेश कांग्रेस भवन के स्टेट कनेक्ट सेंटर के साथ दिल्ली के नेशनल वॉर रूम से भी गतिविधियों की ऑनलाइन निगरानी की जा रही है.
जिला अध्यक्षों को रोजाना अपने टास्क प्लेटफॉर्म पर दर्ज करने होते हैं और अगले दिन उनकी स्थिति बतानी होती है. किसी धरना या प्रदर्शन के मामले में फोटो, वीडियो, अखबार की कतरन और न्यूज चैनल कवरेज जैसे प्रमाण अपलोड करने होते हैं. केंद्रीय या प्रदेश संगठन से मिले निर्देशों की जानकारी भी टास्क पूरा होने के बाद इसी सिस्टम पर दर्ज की जाती है. स्टेट कनेक्ट सेंटर रोजाना के कामकाज के आधार पर रैंकिंग तैयार करता है.
सितंबर में प्रस्तावित तिमाही समीक्षा नहीं हो सकी. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, पेपर लीक और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण से जुड़े आंदोलनों के कारण यह प्रक्रिया टल गई. अब नवंबर में समीक्षा की तैयारी है. छत्तीसगढ़ कनेक्ट सेंटर के चेयरमैन दीपक मिश्रा के अनुसार, निष्क्रिय जिला अध्यक्षों को सुधार का अवसर देने या उनके स्थान पर बदलाव करने पर प्रदर्शन के आधार पर विचार किया जा सकता है.
इस बीच ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान के लिए कांग्रेस ने देशभर में 208 पर्यवेक्षक नियुक्त किए हैं. छत्तीसगढ़ से फूलोदेवी नेताम, मोहन मरकाम, विकास उपाध्याय, अमरजीत भगत, शिवकुमार डहरिया, जय सिंह अग्रवाल, प्रेमसाय सिंह टेकाम, नरेश ठाकुर और कोको पाढ़ी को जिम्मेदारी दी गई है.
