दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार को हुई INDIA गठबंधन की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली में छत्तीसगढ़ कांग्रेस के कई प्रमुख नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए. पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत और पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने भी रैली में हिस्सा लिया.
कांग्रेस नेताओं के साथ प्रदेश के विधायक, पूर्व विधायक, जिला कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता भी दिल्ली पहुंचे. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ से कार्यकर्ताओं को ले जाने के लिए 25 बसें भेजी गई थीं. कई नेता और कार्यकर्ता ट्रेन तथा फ्लाइट से भी दिल्ली पहुंचे. रायपुर के अलावा कोरबा, जांजगीर-चांपा, सक्ती, बालोद और राजनांदगांव से भी कार्यकर्ता रैली में शामिल हुए.
मिंटो रोड से रामलीला मैदान तक मार्च
रैली से पहले विपक्षी नेताओं ने मिंटो रोड से रामलीला मैदान तक मार्च निकाला. राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव समेत कई नेता खुले वाहन में सवार होकर मार्च में पहुंचे. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, तेजस्वी यादव, फारूक अब्दुल्ला, महबूबा मुफ्ती, अभिषेक बनर्जी और सुप्रिया सुले समेत INDIA गठबंधन के कई नेता भी कार्यक्रम में शामिल हुए.
SIR और चुनाव आयोग के खिलाफ नारे
रैली में विपक्षी दलों ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR का विरोध किया. प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठाई. कांग्रेस की प्रमुख मांगों में मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाना, SIR के तहत हटाए गए मतदाताओं के नामों की प्रक्रिया रद्द करना और चुनाव में बैलेट पेपर से मतदान कराना शामिल रहा.
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने 30 अक्टूबर को रायपुर के बीटीआई मैदान से कार्यकर्ताओं की बसों को रवाना किया था. कांग्रेस के अनुसार, बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से लेकर वरिष्ठ नेताओं तक ने दिल्ली के प्रदर्शन में भाग लिया.
