अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) ने संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए 81 सचिवों की नियुक्ति और जिम्मेदारियों में बदलाव की सूची जारी की है. इसके तहत छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रभारी सचिवों की जिम्मेदारी अब जितेंद्र बघेल और हरनाम सिंह संभालेंगे. पार्टी के मुताबिक, ये नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी.
इससे पहले छत्तीसगढ़ की जिम्मेदारी विजय जांगिड और एसए संपत कुमार के पास थी. जरिता लैतफलांग को छत्तीसगढ़ के प्रभार से मुक्त कर पूर्वोत्तर राज्यों की जिम्मेदारी दी गई है. नई व्यवस्था में राज्य संगठन से जुड़े कामकाज की निगरानी जितेंद्र बघेल और हरनाम सिंह करेंगे.
छत्तीसगढ़ के नेताओं को दूसरे राज्यों का प्रभार
फेरबदल के तहत छत्तीसगढ़ के नेता कोको पाढ़ी को ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी का प्रभारी सचिव बनाया गया है. वहीं, नरेश ठाकुर को गुजरात प्रदेश कांग्रेस कमेटी की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
भिलाई नगर से विधायक देवेंद्र यादव को AICC सचिव की जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया गया है. वे गुजरात प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी सचिव की भूमिका संभाल रहे थे. उनके अलावा विजय जांगिड और एसए संपत कुमार समेत कुल 25 सचिवों और संयुक्त सचिवों को मौजूदा जिम्मेदारियों से हटाया गया है.
कई राज्यों और विभागों में बदलाव
AICC की सूची में मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान, गुजरात, बिहार, झारखंड, ओडिशा, पंजाब, हरियाणा, कर्नाटक, केरल, असम, तेलंगाना और पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों के लिए नई जिम्मेदारियां तय की गई हैं.
पार्टी ने संचार, प्रचार-प्रसार, मीडिया, सोशल मीडिया और डिजिटल मीडिया विभागों में भी पदाधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली हैं. भाजपा सांसद संतोष पांडेय ने इस फेरबदल को कांग्रेस की गुटबाजी का परिणाम बताया है. यह उनकी राजनीतिक प्रतिक्रिया है.
