अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) ने कांग्रेस संगठन में फेरबदल करते हुए छत्तीसगढ़ के लिए जितेंद्र बघेल और हरनाम सिंह को नया सचिव नियुक्त किया है. यह जानकारी कांग्रेस महासचिव एवं सांसद केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी प्रेस रिलीज में दी गई है. सूची के मुताबिक नियुक्तियां और जिम्मेदारियों में बदलाव तत्काल प्रभाव से लागू होंगे.
छत्तीसगढ़ की जिम्मेदारी पहले विजय जांगिड और संपत कुमार के पास थी. नई सूची में दोनों को इस जिम्मेदारी से हटाया गया है. जरिता लैतफलांग को भी छत्तीसगढ़ से हटाकर नॉर्थ ईस्ट राज्यों की जिम्मेदारी सौंपी गई है. अब प्रदेश कांग्रेस संगठन से जुड़े कामकाज के लिए जितेंद्र बघेल और हरनाम सिंह AICC सचिव के रूप में जिम्मेदारी संभालेंगे.
छत्तीसगढ़ के नेताओं को दूसरे राज्यों की जिम्मेदारी
संगठनात्मक बदलाव में छत्तीसगढ़ से जुड़े कुछ नेताओं को दूसरे राज्यों में भी जिम्मेदारी दी गई है. युवा नेता कोको पाढ़ी को ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी का प्रभारी सचिव बनाया गया है. वहीं नरेश ठाकुर को गुजरात PCC की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
भिलाई नगर से विधायक देवेंद्र यादव को गुजरात PCC के प्रभारी सचिव पद से हटा दिया गया है. इसके अलावा उत्तर प्रदेश के प्रभारी सचिव राजेश तिवारी को भी पद से हटाया गया है.
AICC की सूची में मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान, गुजरात, बिहार, झारखंड, ओडिशा, पंजाब, हरियाणा, कर्नाटक, केरल, असम, तेलंगाना और पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों के लिए नियुक्तियों और जिम्मेदारियों में बदलाव का उल्लेख है. पार्टी ने संचार, प्रचार-प्रसार, मीडिया, सोशल मीडिया और डिजिटल मीडिया से जुड़े विभागों के लिए भी पदाधिकारियों की नियुक्ति की है.
