कांग्रेस ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के स्तर पर संगठनात्मक फेरबदल करते हुए छत्तीसगढ़ के प्रभारी सचिवों की जिम्मेदारी बदल दी है. पार्टी की जारी प्रेस रिलीज के अनुसार, अब जितेंद्र बघेल और हरनाम सिंह छत्तीसगढ़ का संगठनात्मक काम देखेंगे. इससे पहले यह जिम्मेदारी विजय जांगिड और एसए संपत कुमार के पास थी.
इस बदलाव के तहत छत्तीसगढ़ के नेता कोको पाढ़ी को ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) का प्रभारी सचिव बनाया गया है. वहीं, नरेश ठाकुर को गुजरात PCC की जिम्मेदारी सौंपी गई है. कांग्रेस महासचिव और सांसद केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी सूची में सभी नियुक्तियों को तत्काल प्रभाव से लागू करने की बात कही गई है.
25 पदाधिकारियों को मौजूदा जिम्मेदारियों से हटाया
संगठनात्मक फेरबदल में भिलाई नगर से विधायक देवेंद्र यादव को AICC सचिव की जिम्मेदारी से मुक्त किया गया है. वे गुजरात PCC के प्रभारी सचिव की भूमिका निभा रहे थे. विजय जांगिड और एसए संपत कुमार समेत कुल 25 सचिवों और संयुक्त सचिवों को उनकी मौजूदा जिम्मेदारियों से हटाया गया है.
जरिता लैतफलांग को भी छत्तीसगढ़ के प्रभार से मुक्त कर नॉर्थ ईस्ट के राज्यों की जिम्मेदारी दी गई है. AICC की सूची में मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान, गुजरात, बिहार, झारखंड, ओडिशा, पंजाब, हरियाणा, कर्नाटक, केरल, असम, तेलंगाना और पश्चिम बंगाल सहित कई राज्यों में बदलाव किए गए हैं.
राज्यों के अलावा संचार, प्रचार-प्रसार, मीडिया, सोशल मीडिया और डिजिटल मीडिया विभागों में भी पदाधिकारियों की जिम्मेदारियां तय की गई हैं. भाजपा सांसद संतोष पांडेय ने इस फेरबदल को कांग्रेस की गुटबाजी का नतीजा बताया है. यह उनकी राजनीतिक प्रतिक्रिया है.
