छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने पार्टी से निष्कासित 20 नेताओं की वापसी का रास्ता साफ कर दिया है. शनिवार को हुई प्रदेश कांग्रेस की अनुशासन समिति की बैठक में 36 निष्कासित नेताओं के मामलों पर विचार किया गया. इनमें से 20 नेताओं का निष्कासन रद्द करने का आदेश जारी किया गया है, जबकि 16 मामलों पर फैसला अभी बाकी है.

प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, निष्कासन रद्द करने का निर्णय तत्काल प्रभाव से लागू होगा. आदेश प्रभारी महामंत्री (संगठन एवं प्रशासन) मलकीत सिंह गैदू की ओर से जारी किया गया.

पहली सूची में रायपुर से आनंद कुकरेजा, पूनम पांडेय और विशाल रजानी के नाम शामिल हैं. मुंगेली से पार्षद विनय चोपड़ा को भी राहत दी गई है. गरियाबंद से गोरेलाल सिन्हा, राधोवा महाड़िक, भविष्य प्रधान, ऋतिक सिन्हा और भानुप्रताप साहू का निष्कासन रद्द किया गया है. कोंडागांव से सुशील सोनी का नाम सूची में है.

राजनांदगांव से सगीर खान, सिद्धार्थ डोंगरे, राजेश गुप्ता, जितेश सिमनकर, सकूर चौहान, सुनीता सिन्हा, आशीष सोनकर और शशांक डोंगरे को भी पार्टी में लौटने की अनुमति दी गई है. सूची में अंजू बंजारे और श्यामबती सिन्हा के नाम भी शामिल हैं.

आनंद कुकरेजा पर छह साल की कार्रवाई हुई थी

आनंद कुकरेजा को पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में छह साल के लिए निष्कासित किया गया था. उनके बेटे अजीत कुकरेजा ने 2023 के विधानसभा चुनाव में रायपुर उत्तर सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ा था. इसके बाद अजीत कुकरेजा और उनके पिता के खिलाफ कार्रवाई की गई थी.

बाकी 16 मामलों में अमित जोगी, रेणु जोगी और बृहस्पति सिंह के नाम शामिल हैं. अनुशासन समिति की बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज की मौजूदगी में विधानसभा और निकाय चुनावों के दौरान की गई अनुशासनात्मक कार्रवाइयों की समीक्षा की गई.