कांग्रेस 26 नवंबर को संविधान दिवस के मौके पर छत्तीसगढ़ समेत सभी राज्यों की राजधानियों में ‘संविधान रक्षा मार्च’ निकालेगी. पार्टी ने मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों और ‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर आंदोलन की रणनीति में बदलाव किया है. इसके तहत हर मतदान केंद्र पर कम से कम एक ‘वोट रक्षक’ नियुक्त करने की योजना है.
कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से प्रदेश कांग्रेस कमेटियों को जारी सर्कुलर के अनुसार, 25 और 26 नवंबर को प्रस्तावित ‘दिल्ली चलो’ अभियान के चौथे चरण के कार्यक्रम फिलहाल आगे बढ़ा दिए गए हैं. अब पार्टी का फोकस राज्यों की राजधानियों और बूथ स्तर पर अभियान चलाने पर रहेगा.
मार्च और बूथ स्तर की तैयारी
निर्देश के मुताबिक, 26 नवंबर का मार्च डॉ. भीमराव आंबेडकर या महात्मा गांधी की प्रमुख प्रतिमा से शुरू किया जाएगा. यहां संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ और संविधान की रक्षा की शपथ के बाद मार्च किसी अन्य महत्वपूर्ण स्थान तक निकाला जाएगा.
पार्टी ने 22 नवंबर तक जिला कांग्रेस कमेटियों की बैठकें करने, ‘वोट रक्षक’ नियुक्त करने और कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए हैं. 22 से 30 नवंबर तक ये कार्यकर्ता अपने बूथ की मतदाता सूची में हटाए गए नामों की जांच करेंगे. इस प्रक्रिया की निगरानी मंडल अध्यक्षों को करनी होगी.
सत्यापन से सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर 29 नवंबर से 15 दिसंबर तक गांवों में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ चौपाल आयोजित की जाएगी. प्रदेश और जिला इकाइयों को संबंधित गतिविधियों की जानकारी उसी दिन सोशल मीडिया पर साझा करने को भी कहा गया है.
