दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को होने वाली INDIA गठबंधन की रैली के लिए छत्तीसगढ़ कांग्रेस के कार्यकर्ता दिल्ली रवाना होने लगे हैं. शुक्रवार को 25 बसों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का जत्था दिल्ली के लिए निकला. पार्टी के अनुसार, कुछ कार्यकर्ता ट्रेन और फ्लाइट से भी रैली में पहुंच रहे हैं.
कांग्रेस का दावा है कि छत्तीसगढ़ से 5 से 7 हजार कार्यकर्ता रैली में शामिल होंगे. प्रदेश के बड़े नेताओं के शनिवार को दिल्ली रवाना होने की तैयारी है. पार्टी ने देशभर से करीब 10 लाख लोगों के रैली में पहुंचने का दावा किया है, हालांकि यह संख्या कांग्रेस का अनुमान है.
कांग्रेस ने रैली को ‘वोट चोरी’ के खिलाफ आंदोलन बताया
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि रैली में चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दे उठाए जाएंगे. उन्होंने इसे ‘वोट चोरी’ के खिलाफ ऐतिहासिक रैली बताया और कहा कि छत्तीसगढ़ से हजारों कार्यकर्ता राहुल गांधी के हाथ मजबूत करने तथा इस मुद्दे पर आवाज उठाने के लिए दिल्ली जा रहे हैं. बैज ने रैली को देश के इतिहास की सबसे बड़ी रैली बनाने का दावा भी किया.
कांग्रेस ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर भी सवाल उठाने की बात कही है. पार्टी इस आयोजन को लोकतंत्र बचाने की लड़ाई के रूप में पेश कर रही है.
भाजपा ने कांग्रेस के आरोपों को राजनीतिक रणनीति बताया
छत्तीसगढ़ के कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने कांग्रेस की तैयारियों पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि चुनाव हारने के बाद पार्टी चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाती है, जबकि जीतने पर उसी परिणाम को जनता का फैसला बताती है.
कश्यप ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में भी ऐसी प्रक्रिया कई बार हुई है. उनके अनुसार, अब इसी प्रक्रिया पर सवाल उठाना कांग्रेस की राजनीतिक रणनीति को दर्शाता है. रैली से पहले दोनों दलों के बीच इस मुद्दे पर बयानबाजी तेज हो गई है.
