रायगढ़ समेत छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में 2, 5 और 10 रुपये मूल्यवर्ग के कोर्ट फीस और कॉपिंग टिकटों की उपलब्धता को लेकर शिकायतें सामने आई हैं. छत्तीसगढ़ राज्य विधिज्ञ परिषद ने इस संबंध में शासन को पत्र भेजकर तत्काल आपूर्ति सुनिश्चित करने और ई-कोर्ट फीस की व्यवस्था लागू करने की मांग की है.

टिकटों की कमी से न्यायालयीन आवेदन, वकालतनामा, शपथपत्र और रिकॉर्ड की प्रमाणित प्रतिलिपि लेने जैसी प्रक्रियाओं में दिक्कत आने की बात कही गई है. राजस्व कार्यालयों में बी-1, खसरा, पांचशाला और मिसल समेत विभिन्न दस्तावेजों की प्रतिलिपि लेने वाले लोगों पर भी इसका असर पड़ सकता है. जाति, निवास और आय प्रमाण पत्र से जुड़े शपथपत्रों में टिकट की जरूरत होने के कारण आम लोगों को अतिरिक्त परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.

आपूर्ति और वितरण पर उठे सवाल

उपलब्ध जानकारी के अनुसार, कोर्ट फीस और कॉपिंग टिकटों की आपूर्ति सरकारी प्रिंटिंग प्रेस से नोडल डिपो के जरिए जिलों तक की जाती है. इसके बाद जिला कोषालय और उपकोषालयों से जरूरत के अनुसार वितरण होता है. रायगढ़ जिले में जिला कोषालय के अलावा खरसिया, धरमजयगढ़ और घरघोड़ा के उपकोषालयों से वितरण व्यवस्था संचालित होती है.

राज्य विधिज्ञ परिषद के उपाध्यक्ष विराट वर्मा ने वाणिज्यिक कर (पंजीयन) विभाग, विधि एवं विधायी कार्य विभाग तथा महानिरीक्षक पंजीयन एवं अधीक्षक मुद्रांक को भेजे पत्र में सभी जिला कोषालयों और उपकोषालयों में पर्याप्त स्टॉक रखने की मांग की है. परिषद ने अधिकृत कोर्ट फीस और स्टाम्प विक्रेताओं को मांग के अनुसार टिकट उपलब्ध कराने, स्टॉक और वितरण की नियमित निगरानी तथा व्यवस्था सामान्य होने तक चालान जैसी अंतरिम व्यवस्था देने का सुझाव दिया है.

परिषद के अनुसार, टिकटों की कमी से आवेदन और प्रकरणों की प्रस्तुति में अनावश्यक देरी हो सकती है. दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले पक्षकारों पर दोबारा कार्यालय या विक्रेता के पास जाने से समय और अतिरिक्त खर्च का बोझ पड़ सकता है.

छत्तीसगढ़ में ई-कोर्ट फीस के जरिए ऑनलाइन भुगतान कर ई-चालान तैयार करने का विकल्प उपलब्ध बताया गया है. हालांकि जिन प्रक्रियाओं में भौतिक टिकट जरूरी हैं, वहां नियमित आपूर्ति की आवश्यकता बनी हुई है.

रायगढ़ के जिला कोषालय अधिकारी चंद्रपाल सिंह ठाकुर ने कहा कि जिले में सभी प्रकार के टिकटों की समस्या नहीं है और वर्तमान में पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है. उनके अनुसार, चेंबर ऑफ कॉमर्स और अधिवक्ता संघ को भी टिकट उपलब्ध कराए जा रहे हैं.