छत्तीसगढ़ में चक्रवात अकवान के असर से हो रही बारिश के बीच खेतों में खड़ी धान और रबी की फसलों को नुकसान की आशंका है. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किसानों से चिंता नहीं करने की अपील करते हुए कहा कि नुकसान की पुष्टि होने पर प्रभावित किसानों को नियमानुसार सहायता दी जाएगी.

मुख्यमंत्री के अनुसार, राज्य सरकार ने सभी जिलों के कलेक्टरों को फसल नुकसान का सर्वे कराने के निर्देश दिए हैं. सर्वे के बाद नुकसान का आकलन किया जाएगा. पात्र किसानों को राजस्व पुस्तक परिपत्र (RBC) 6-4 और फसल बीमा के प्रावधानों के तहत मुआवजा दिए जाने की बात कही गई है.

सर्वे के बाद तय होगी सहायता

मुख्यमंत्री ने यह जानकारी शुक्रवार को दिल्ली रवाना होने से पहले रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में दी. उन्होंने कहा कि चक्रवात के कारण जिन किसानों की फसलों को नुकसान होगा, उनका सर्वे कराया जाएगा और इसके बाद नियमों के अनुसार सहायता राशि दी जाएगी.

साय ने कहा कि इससे पहले भी चक्रवात के कारण फसलों को नुकसान हुआ था. उस समय सर्वे के आधार पर प्रभावित किसानों को सहायता दी गई थी. उन्होंने कहा कि इस बार भी नुकसान का आकलन कर किसानों को राहत देने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी.

मुख्यमंत्री ने अपने दिल्ली दौरे की जानकारी देते हुए बताया कि नई दिल्ली के भारत मंडपम में छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है. कार्यक्रम में राज्य के विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे और छत्तीसगढ़ के कलाकार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे.

उत्तर प्रदेश में आगामी चुनाव को लेकर साय ने कहा कि पार्टी की जिम्मेदारी के अनुसार छत्तीसगढ़ के नेता और कार्यकर्ता वहां चुनावी काम में सहयोग करने जाएंगे.