रायपुर. चक्रवाती तूफान अकवान के प्रभाव से छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर समेत कई इलाकों में बारिश हो रही है. इस बीच फसलों को संभावित नुकसान को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किसानों को राहत का भरोसा दिलाया है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को चिंता करने की जरूरत नहीं है. राज्य सरकार फसल नुकसान की स्थिति में प्रभावित किसानों को राहत देने के लिए हरसंभव प्रयास करेगी.

सभी जिलों में नुकसान का आकलन

सरकार ने संभावित फसल क्षति का आकलन करने के लिए सभी जिलों के कलेक्टरों को निर्देशित किया है. मुख्यमंत्री के मुताबिक, यदि चक्रवात के कारण फसलों को नुकसान पहुंचता है तो संबंधित क्षेत्रों में सर्वे कराया जाएगा.

सर्वे में सामने आने वाली क्षति के आधार पर प्रभावित किसानों को फसल बीमा और मुआवजे से जुड़े प्रावधानों के तहत राहत उपलब्ध कराई जाएगी. हालांकि, राहत की राशि और पात्रता नुकसान के आकलन तथा लागू नियमों के आधार पर तय होगी.

मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे पहले भी चक्रवात के कारण प्रदेश में फसलों को नुकसान पहुंचा था. उस समय नुकसान का आकलन कर प्रभावित किसानों को सहायता दी गई थी. उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस बार भी फसल क्षति का आकलन कराने के बाद नियमानुसार किसानों को मुआवजा दिया जाएगा.