छत्तीसगढ़ में बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवात अर्नब के संभावित असर को देखते हुए राज्य में हाई अलर्ट जारी किया गया है. मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 28 और 29 अक्टूबर को प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है. इससे एक दिन पहले, 27 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवा चलने की संभावना जताई गई है.

राज्य शासन ने चक्रवात से निपटने की तैयारियों की समीक्षा के लिए मंत्रालय महानदी भवन में उच्चस्तरीय बैठक की. अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुआ की अध्यक्षता में हुई बैठक में सभी जिलों के कलेक्टरों और संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हिस्सा लिया. अधिकारियों को 27 से 29 अक्टूबर तक अलर्ट मोड पर रहने और मौसम संबंधी चेतावनियों को गंभीरता से लेने को कहा गया है.

दक्षिण बस्तर में विशेष सतर्कता

बीजापुर, सुकमा, दंतेवाड़ा, बस्तर और नारायणपुर जिलों में तेज हवाओं की आशंका को देखते हुए विशेष निगरानी के निर्देश दिए गए हैं. सरकार ने राहत शिविरों को 24 घंटे संचालित रखने और वहां जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा है. स्वास्थ्य विभाग को चिकित्सा सेवाएं निर्बाध रखने और गर्भवती महिलाओं की सूची तैयार कर जरूरत पड़ने पर उन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं.

एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों को निर्धारित स्थानों पर तैयार रखने को कहा गया है. किसानों के लिए फसलों और पशुधन को संभावित नुकसान से बचाने के लिए विस्तृत सलाह जारी करने के निर्देश दिए गए हैं. स्थानीय परिस्थितियों के आधार पर स्कूली बच्चों और आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों की सुरक्षा की व्यवस्था तय करने को भी कहा गया है.

बिजली, सड़क और संचार व्यवस्था पर जोर

राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने कच्चे मकानों और अन्य संवेदनशील ढांचों का आकलन करने को कहा है. जरूरत पड़ने पर संवेदनशील इलाकों से लोगों को समय रहते सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं. बिजली के खंभे गिरने, दूरसंचार सेवाएं बाधित होने और पेड़ गिरने जैसी स्थिति से निपटने के लिए संबंधित विभागों को वैकल्पिक व्यवस्था रखने को कहा गया है. होर्डिंग्स और असुरक्षित संरचनाओं की भी जांच के निर्देश दिए गए हैं.

मौसम विभाग के अनुसार 26 अक्टूबर को प्रदेश में मौसम शुष्क रहा. रायपुर में अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस और अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 12.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. रायपुर के लिए 27 अक्टूबर को अधिकतम तापमान करीब 31 और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.