छत्तीसगढ़ में सत्तारूढ़ भाजपा और कांग्रेस के नेताओं के बीच सार्वजनिक बहस की चुनौतियों का सिलसिला तेज हो गया है. पिछले एक सप्ताह में प्रधानमंत्री आवास योजना, कोल माइंस, झीरम घाटी और सरकारी अस्पतालों की व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर आमने-सामने चर्चा के प्रस्ताव सामने आए हैं.
PM आवास योजना पर हुई बहस
15 सितंबर को रायपुर प्रेस क्लब में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के बीच प्रधानमंत्री आवास योजना के आंकड़ों पर करीब 80 मिनट तक बहस हुई. बघेल ने सरकार के आंकड़ों और आवास निर्माण की स्थिति पर सवाल उठाए. वहीं शर्मा ने स्वीकृत और पूरे हो चुके आवासों से जुड़े आंकड़े रखे. दोनों नेताओं ने योजना के लक्ष्य, स्वीकृति, निर्माण और पिछली सरकार के कार्यकाल को लेकर अपने-अपने तर्क दिए.
बहस के बाद प्रेस क्लब के बाहर भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प की स्थिति बनी. पुलिस के साथ धक्का-मुक्की में एक सब-इंस्पेक्टर की शर्ट का बटन और बैच टूटने की बात सामने आई.
कोल माइंस और झीरम पर चुनौती
17 सितंबर को बघेल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को सरगुजा की कोल माइंस और हसदेव क्षेत्र से जुड़े मुद्दों पर खुली बहस की चुनौती दी. उन्होंने प्रेस क्लब में दस्तावेजों और तथ्यों के साथ चर्चा का प्रस्ताव रखा. इस बहस की तारीख और मंच अभी तय नहीं हैं.
इसके बाद 19 सितंबर को विजय शर्मा ने बघेल को झीरम घाटी मामले पर बहस की चुनौती दी. शर्मा ने कहा कि बघेल तैयारी के लिए एक महीने का समय ले सकते हैं. इस प्रस्तावित चर्चा की पृष्ठभूमि में झीरम मामले में अदालत के फैसले के बाद जांच और सबूतों को लेकर कांग्रेस की ओर से उठाए गए सवाल बताए गए हैं.
सरकारी अस्पतालों पर नया प्रस्ताव
21 सितंबर को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल को सरकारी अस्पतालों की व्यवस्था पर बहस की चुनौती दी. बैज ने किसी भी सरकारी अस्पताल में जाकर जमीनी स्थिति पर चर्चा का प्रस्ताव रखा. जायसवाल ने चुनौती स्वीकार करते हुए अस्पताल का चयन बैज पर छोड़ दिया है. हालांकि, तारीख और अस्पताल अभी तय नहीं हुए हैं.
