रायपुर के होटल कारोबारी दीपक टंडन उर्फ अंबेडकर टंडन के खिलाफ एक सप्ताह के भीतर छह मामले दर्ज होने की बात सामने आई है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उसके खिलाफ पुलिस अधिकारियों को अच्छी पोस्टिंग दिलाने का भरोसा देकर पैसे लेने और ठेकेदारों से खुद को आईएएस, आईपीएस या पुलिस कमिश्नर बताकर ठगी करने के आरोप भी सामने आए हैं. पुलिस अधिकारियों में चार एडिशनल एसपी, तीन डीएसपी और एक टीआई समेत अन्य नाम बताए गए हैं. इन आरोपों की जांच जारी है.
बिलासपुर पुलिस द्वारा गिरफ्तारी की सूचना के बाद कोरबा जिले के दीपका थाने में एक नया मामला दर्ज किया गया. दीपका के वार्ड नंबर 9 निवासी कोयला कारोबारी अंकित सिंह ने 13 नवंबर को शिकायत दी. उनका आरोप है कि उनके पिता महेंद्र सिंह से 27.90 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई. शिकायत के मुताबिक, 2020 में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद समझौते का भरोसा दिया गया और पांच लाख रुपये लौटाने के लिए 20 मई 2023 को यस बैंक का चेक दिया गया. बैंक में जांच कराने पर चेक के भुगतान पर पहले से रोक लगी मिली.
शिकायतकर्ता के अनुसार, 10 जुलाई 2024 को राशि लौटाने का आश्वासन दिया गया था. इसके बजाय उसे दीपका के बुधवारी चौक पर बुलाकर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी गई. उसने एससी-एसटी अधिनियम के तहत झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है.
तेलीबांधा थाने में जमीन और फॉर्च्यूनर कार बेचने के नाम पर 56 लाख रुपये की कथित ठगी तथा सरकारी टेंडर दिलाने के नाम पर 15 लाख रुपये लेने के अलग-अलग मामले दर्ज बताए गए हैं. सक्ती थाने में भी मामला दर्ज होने की जानकारी है. दीपक टंडन और उसकी पत्नी बरखा टंडन के खिलाफ दर्ज मामलों में पुलिस जांच कर रही है.
