छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के दौरान समर्थन मूल्य पर धान खरीदी को सुचारु बनाने के लिए राज्य सरकार ने सभी कलेक्टरों को निर्देश जारी किए हैं. खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग तथा राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने किसानों की खसरा मैपिंग और फसल संबंधी समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करने को कहा है.
निर्देशों के अनुसार, जिन किसानों के खसरे फार्मर रजिस्ट्री में दर्ज हैं, लेकिन खसरा मंडल में दिखाई नहीं दे रहे हैं, उनकी मैपिंग संबंधित सहकारी समितियों के माध्यम से कराई जाएगी. इसके लिए समिति की आईडी में ‘एग्रीस्टेक से धान खरीदी के लिए भूमि विवरण सिंक करें’ विकल्प उपलब्ध कराया गया है. खसरा मैपिंग और धान खरीदी से जुड़ी यह प्रक्रिया 15 जनवरी 2027 तक पूरी की जानी है.
वास्तविक फसल का भौतिक सत्यापन
डिजिटल फसल सर्वेक्षण में किसी खसरे पर दूसरी फसल दर्ज है, लेकिन किसान ने वहां धान बोने का दावा किया है, तो ऐसे मामलों की मौके पर जांच कराई जाएगी. इसी तरह, डीसीएस और पीवी ऐप में फसल प्रविष्टि के विकल्प उपलब्ध नहीं होने के कारण सर्वेक्षण से छूटे खसरों का भी तहसीलदार के माध्यम से भौतिक सत्यापन होगा.
जांच के दौरान राजस्व अभिलेखों का मिलान कर खेत में मौजूद वास्तविक फसल और उसके क्षेत्रफल की पुष्टि की जाएगी. प्रत्येक मामले में मौका पंचनामा तैयार करने और स्थिति को प्रमाणित करने वाले स्थल-फोटोग्राफ संलग्न करने के निर्देश हैं.
सत्यापन के बाद सही और अद्यतन जानकारी निर्धारित प्रारूप में जुटाकर सक्षम प्राधिकारी से अनुमोदन लेना होगा. फसल प्रविष्टि या संशोधन की आगे की कार्रवाई के लिए यह जानकारी 30 नवंबर 2026 तक उपलब्ध कराने को कहा गया है.
