छत्तीसगढ़ धर्म स्वतंत्रता अधिनियम, 2026 के प्रावधानों की संवैधानिक वैधता को चुनौती देने वाली याचिका पर हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को तीन हफ्ते के भीतर जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है. मामले की अगली सुनवाई तीन सप्ताह बाद होगी.
चीफ जस्टिस कृष्ण राम महापात्र और जस्टिस संतोष शर्मा की बेंच ने कहा कि अंतरिम आवेदन पर अगली सुनवाई में दोनों पक्षों को सुनने के बाद विचार किया जा सकता है. अदालत ने सरकार से मूल याचिका पर जवाब के साथ अंतरिम आवेदन पर अपनी आपत्ति भी दाखिल करने को कहा है. जवाब की कॉपी याचिकाकर्ता के वकील को देने का निर्देश भी दिया गया है.
यह याचिका वीएन प्रसाद राव ने दायर की है. सुनवाई में याचिकाकर्ता की ओर से सीनियर एडवोकेट ने पक्ष रखा, जबकि राज्य सरकार की ओर से शासकीय अधिवक्ता राहुल तामस्कर पेश हुए.
कानून से जुड़ी अन्य याचिकाएं भी लंबित
सुनवाई के दौरान राज्य सरकार ने अदालत को बताया कि अधिनियम के अलग-अलग प्रावधानों की संवैधानिक वैधता को चुनौती देने वाली अन्य याचिकाएं भी हाईकोर्ट में लंबित हैं. सरकार ने इसी आधार पर मौजूदा मामले में नोटिस जारी करने का अनुरोध किया.
याचिकाकर्ता की ओर से अंतरिम आवेदन पर अलग से सुनवाई और सरकार को जवाब की तैयारी के लिए कम समय देने का आग्रह किया गया था. हालांकि, राज्य सरकार ने जवाब दाखिल करने के लिए तीन सप्ताह का समय मांगा, जिसे अदालत ने स्वीकार कर लिया.
