मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में जर्जर और जोखिमपूर्ण भवनों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. उन्होंने कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों से अपने-अपने क्षेत्रों में ऐसे भवनों की नियमित निगरानी कराने और जरूरत पड़ने पर उन्हें ढहाने को कहा है.
मुख्यमंत्री ने शुक्रवार, 11 सितंबर 2026 को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संभागायुक्तों, पुलिस महानिरीक्षकों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की. उन्होंने कहा कि किसी हादसे का इंतजार करने के बजाय संभावित जोखिमों की पहले पहचान कर कार्रवाई की जानी चाहिए. जांच में लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी.
सभी जिलों में हॉस्टल, पीजी, कोचिंग सेंटर, स्कूल और बड़े शैक्षणिक भवनों का तत्काल निरीक्षण और सेफ्टी ऑडिट कराने के निर्देश दिए गए हैं. सुरक्षा कमियां मिलने पर उन्हें तय समयसीमा में दूर करना होगा.
बैठक में अवैध और मिलावटी शराब के निर्माण, बिक्री और भंडारण के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए. उपलब्ध रिपोर्ट में राज्य के 3,931 स्कूल और छात्रावास भवनों को जर्जर बताया गया है. इनमें 2,859 प्राथमिक, 976 मिडिल, 17 हाई स्कूल और 79 हायर सेकेंडरी स्कूल शामिल हैं. रिपोर्ट के अनुसार 878 स्कूलों के पास अपना भवन नहीं है और 111 सरकारी कॉलेज बिना भवन के संचालित हो रहे हैं.
