छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरियों के लिए दिव्यांग आरक्षण का दायरा बढ़ाया गया है. नई सूची में शिक्षा, आईटी, जनसंपर्क, रोजगार, कृषि, तकनीकी शिक्षा, हथकरघा और पर्यावरण से जुड़े ऐसे पद शामिल किए गए हैं, जो अब तक चिह्नित नहीं थे.

सूची की पहली श्रेणी में स्कूल शिक्षा विभाग के उप संचालक का पद शामिल है. दूसरी श्रेणी में तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास के प्राचार्य वर्ग-2, प्लेसमेंट अधिकारी, सहायक संचालक (तकनीकी), स्कूल शिक्षा के प्राचार्य और सहायक संचालक तथा माध्यमिक स्तर के स्पेशल एजुकेटर रखे गए हैं. आवास एवं पर्यावरण विभाग और नवा रायपुर विकास प्राधिकरण से जुड़े सहायक संचालक (सर्वे/शोध) तथा GIS मैनेजर के पद भी सूची में हैं.

तृतीय श्रेणी में आईटी और कृषि से जुड़े पद

तृतीय श्रेणी में आईटी या कंप्यूटर साइंस के उप अभियंता, कंप्यूटर ऑपरेटर-कम-प्रोग्रामिंग असिस्टेंट, सूचना सहायक ग्रेड-1 और 2, प्रचार सहायक, कॉपी राइटर और कनिष्ठ रोजगार अधिकारी शामिल हैं. ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक, सहायक पशुचिकित्सा क्षेत्र अधिकारी, बीज विश्लेषक और बीज रोग विशेषज्ञ के पद भी चिह्नित किए गए हैं. हथकरघा, रेशम, उद्योग और पर्यावरण से जुड़े कई तकनीकी व प्रशासनिक पदों को भी इसमें जगह दी गई है.

किन पदों पर आरक्षण लागू नहीं होगा

जोखिमपूर्ण या चुनौतीपूर्ण कार्यों वाले पदों को छूट दी गई है. पुलिस विभाग, नगर सेना यानी होमगार्ड, अग्निशमन सेवा और SDRF के सभी पद आरक्षण के दायरे से बाहर हैं. वन, आबकारी, परिवहन, जेल, राजस्व, ऊर्जा और कुछ मैदानी पद भी छूट वाली सूची में हैं.

सीधी भर्ती में लाभ के लिए सक्षम प्राधिकारी का स्थायी दिव्यांगता प्रमाण पत्र जरूरी होगा. नियुक्ति से पहले राज्य मेडिकल बोर्ड प्रमाण पत्र की जांच और शारीरिक दक्षता परीक्षण करेगा. एसिड अटैक पीड़ितों, ऑटिज्म, सेरेब्रल पाल्सी, कम दृष्टि, सुनने में कठिनाई, बौनापन और अन्य श्रेणियों को अलग-अलग पदों के लिए पात्रता दी गई है. हालांकि, हर पद पर सभी दिव्यांगता श्रेणियों को लाभ नहीं मिलेगा.