छत्तीसगढ़ में दीपावली के पांच दिनों के दौरान शराब बिक्री ने नया रिकॉर्ड बनाया. आबकारी विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 5 से 9 नवंबर के बीच राज्य में कुल 546.07 करोड़ रुपये की शराब बिकी. पिछले साल की समान अवधि में यह कारोबार 507.97 करोड़ रुपये था. इस तरह इस बार बिक्री में 38.10 करोड़ रुपये यानी 7.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई.

बिक्री में विदेशी शराब और स्पिरिट-माल्ट की हिस्सेदारी देसी शराब से अधिक रही. पांच दिनों में देसी शराब की बिक्री 195.55 करोड़ रुपये रही, जबकि विदेशी शराब और स्पिरिट-माल्ट का कारोबार 350.52 करोड़ रुपये तक पहुंच गया.

7 नवंबर को सबसे ज्यादा बिक्री

आंकड़ों के मुताबिक, 7 नवंबर को राज्य में 124.27 करोड़ रुपये की शराब बिकी. यह पांच दिनों में किसी एक दिन की सबसे अधिक बिक्री रही. 5 नवंबर को 89.80 करोड़, 6 नवंबर को 97.75 करोड़, 8 नवंबर को 119.10 करोड़ और 9 नवंबर को 115.13 करोड़ रुपये की बिक्री दर्ज की गई.

पिछले साल 17 से 21 अक्टूबर के बीच कुल 507.97 करोड़ रुपये का शराब कारोबार हुआ था. उपलब्ध विभागीय आंकड़ों के अनुसार, इस बार विदेशी ब्रांड और स्पिरिट-माल्ट की अधिक मांग बिक्री बढ़ने की प्रमुख विशेषता रही.