प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने छत्तीसगढ़ के 575 करोड़ रुपये से अधिक के कथित जिला खनिज न्यास (DMF) घोटाले में सप्लीमेंट्री प्रॉसिक्यूशन कंप्लेंट दाखिल की है. शिकायत में कारोबारी सतपाल सिंह छाबड़ा समेत 16 नए लोगों को आरोपी बनाया गया है. ED ने कोर्ट में 214 पन्नों की शिकायत पेश की और इसके साथ करीब 7,500 पन्नों के दस्तावेज लगाए हैं.
एजेंसी के मुताबिक, इस मामले में पहले रानू साहू समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ प्रॉसिक्यूशन कंप्लेंट दाखिल की जा चुकी है. जांच के अगले चरण में 16 और लोगों की भूमिका सामने आने का दावा करते हुए उनके खिलाफ यह सप्लीमेंट्री शिकायत पेश की गई है.
टेंडर प्रक्रिया में बिचौलियों की भूमिका का आरोप
ED का आरोप है कि DMF राशि से होने वाले कामों के टेंडर में बिचौलियों ने सरकारी अधिकारियों और निजी कंपनियों के बीच संपर्क का काम किया. एजेंसी के अनुसार, सतपाल सिंह छाबड़ा और उससे जुड़े लोग कमीशन लेकर पसंदीदा कंपनियों को बड़े टेंडर दिलाने में मदद करते थे. इसके बदले 20 से 30 प्रतिशत तक कमीशन लिए जाने का आरोप है.
जांच एजेंसी ने यह भी कहा है कि कुछ स्वीकृत काम वास्तविक रूप से किए बिना ही उनके लिए पूरा भुगतान ले लिया गया. ED ने आरोपियों के संबंध और कथित भूमिका का पता लगाने के लिए बैंक खातों के लेन-देन और वित्तीय दस्तावेजों की जांच की है.
फंड खर्च के नियमों में बदलाव का दावा
ED के अनुसार, DMF परियोजनाओं में कथित भ्रष्टाचार के लिए फंड खर्च के नियमों में बदलाव किए गए. नए प्रावधानों में सामग्री आपूर्ति, प्रशिक्षण, कृषि उपकरण, खेल सामग्री और चिकित्सा उपकरण जैसी श्रेणियां जोड़ी गईं. एजेंसी का दावा है कि इन बदलावों के जरिए जरूरी विकास कार्यों की जगह अधिक कमीशन वाले प्रोजेक्ट मंजूर किए गए.
जांच में कलेक्टर, CEO, SDO और सब-इंजीनियर के लिए क्रमशः 40, 5, 3 और 2 प्रतिशत कमीशन का आरोप भी सामने आने की बात कही गई है. इन आरोपों की पुष्टि का अंतिम निर्णय अदालत की न्यायिक प्रक्रिया में होगा.
