छत्तीसगढ़ में चिकित्सकों की कई मांगों पर सहमति और अनुमोदन होने के बावजूद विभागीय आदेश जारी नहीं हुए हैं. इसे लेकर छत्तीसगढ़ डॉक्टर्स फेडरेशन (CGDF) और जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन (JDA) ने स्वास्थ्य मंत्री और हेल्थ सेक्रेटरी को पत्र भेजकर प्रक्रिया पूरी करने की मांग की है.

NOC के लिए संपत्ति गिरवी रखने की शर्त हटाने की मांग

CGDF ने PG और अन्य उच्च शिक्षा के लिए NOC लेने वाले चिकित्सकों को संपत्ति गिरवी रखने की अनिवार्यता से छूट देने की मांग की है. फेडरेशन के अनुसार, NOC केवल शपथ-पत्र के आधार पर जारी करने की व्यवस्था की जानी चाहिए. उसका कहना है कि इससे डॉक्टरों को उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक और कानूनी अड़चनों से राहत मिलेगी.

बॉन्डेड डॉक्टरों के मानदेय पर आदेश का इंतजार

फेडरेशन ने सामान्य क्षेत्र में सेवा दे रहे बॉन्डेड MBBS चिकित्सकों का मानदेय 70 हजार रुपये प्रतिमाह करने पर बनी सहमति के आधार पर जल्द आदेश जारी करने को कहा है.

अनुबंधित PG यानी MD/MS चिकित्सकों के मानदेय में भी 2 हजार रुपये की विसंगति दूर करने की मांग की गई है. CGDF के मुताबिक, PG तृतीय वर्ष के चिकित्सकों से 2 हजार रुपये अधिक, करीब 95 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय तय करने पर सहमति बनी थी, लेकिन इसका आदेश अभी जारी नहीं हुआ है.

विशेषज्ञता के अनुसार विभाग देने की मांग

फेडरेशन ने अध्ययन अवकाश लेकर PG पूरी करने वाले नियमित चिकित्सकों को उनकी नई विशेषज्ञता के अनुसार विभाग देने की मांग की है. उदाहरण के तौर पर, रेडियोलॉजी में काम कर चुके और सर्जरी में PG करने वाले डॉक्टर को सर्जरी विभाग में पदस्थ करने की बात कही गई है.

JDA रायपुर अध्यक्ष डॉ. पीयूष और JDA छत्तीसगढ़ अध्यक्ष डॉ. रेशम सिंह ने कहा कि केवल सहमति पर्याप्त नहीं है; लंबित विषयों पर समयबद्ध विभागीय आदेश जरूरी हैं.