छत्तीसगढ़ में मादक पदार्थों की तस्करी के मामलों में जल्द सजा दिलाने के लिए विशेष और फास्ट ट्रैक अदालतों की संख्या बढ़ाई जाएगी. अधिकारियों के अनुसार, जगदलपुर में जल्द विशेष अदालत शुरू की जाएगी. इसके बाद अन्य शहरों में भी ड्रग्स से जुड़े मामलों की सुनवाई के लिए ऐसी व्यवस्था विकसित की जाएगी. फिलहाल रायपुर समेत राज्य में करीब चार-पांच स्थानों पर इस तरह की अदालतें संचालित हैं.

राज्य स्तर पर एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स के गठन की प्रक्रिया भी चल रही है. प्रस्तावित व्यवस्था में तस्करों की गिरफ्तारी से लेकर मामलों की सुनवाई और सजा तक कार्रवाई को मजबूत करने पर जोर रहेगा.

रायपुर में 208 मामले, 369 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के अनुसार, इस साल जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के 208 मामले दर्ज किए गए और 369 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने करीब 7 करोड़ रुपये के नशीले पदार्थ जब्त किए. सफेमा के तहत चार तस्करों की लगभग 9 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति कुर्क किए जाने की भी जानकारी दी गई है.

जब्ती में 1,314 किलोग्राम गांजा, 33 हजार नशीली टैबलेट, 187 ग्राम एमडीएमए, 167 ग्राम हेरोइन, 151 ग्राम अफीम और 5 ग्राम कोकीन शामिल हैं. इसके अलावा नशीले सिरप की 472 बोतलें और 550 प्रतिबंधित इंजेक्शन भी जब्त किए गए.

नौ महीने में 299 दोषियों को सजा

पुलिस के मुताबिक, इस साल नौ महीने में नारकोटिक्स की विशेष अदालतों ने 188 मामलों में 299 आरोपियों को सजा सुनाई. इनमें 50 मामलों के 101 आरोपियों को 10 साल से अधिक की सजा मिली. 37 मामलों में 60 आरोपियों को 10 साल तक और 101 मामलों में 138 आरोपियों को 10 साल से कम की सजा सुनाई गई.

2025 में 197 मामलों में 336 आरोपियों को सजा हुई थी. मामलों की रोजाना निगरानी के लिए पुलिस कमिश्नरेट ने टीआई रैंक के अधिकारी की अगुवाई में अलग टीम बनाई है. टीम गवाहों से संपर्क, केस डायरी अपडेट और सुनवाई के दौरान सामने आई कमियों को दूर करने का काम करती है.