छत्तीसगढ़ में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर रोक लगाने और नशामुक्ति अभियानों को प्रभावी बनाने के लिए राज्य और जिला स्तर पर विस्तृत रोडमैप तैयार किया जाएगा. राज्य स्तरीय समन्वय एनकोर्ड समिति की बैठक में मुख्य सचिव विकासशील ने अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश दिए.

बैठक में नशामुक्त भारत अभियान के तहत विजन डॉक्यूमेंट तैयार करने और व्यापक कार्ययोजना बनाने पर भी जोर दिया गया. मुख्य सचिव ने कहा कि नशा नियंत्रण से जुड़ी एनकोर्ड की राज्य और जिला स्तर की बैठकें नियमित रूप से हों तथा उनका संचालन परिणामोन्मुख तरीके से किया जाए.

सीमाओं और शिक्षण संस्थानों पर निगरानी

राज्य की सीमाओं पर मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए पुलिस और आबकारी विभाग को विशेष चौकसी बरतने के निर्देश दिए गए. शिक्षण संस्थानों में नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाने की बात भी बैठक में कही गई.

सभी स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों को एक्शन प्लान के तहत छात्रों को नशीली दवाओं के नुकसान के बारे में जागरूक करने के निर्देश दिए गए हैं. अधिकारियों ने बताया कि एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स स्कूलों और कॉलेजों में लगातार जागरूकता कार्यक्रम कर रही है और नशीली दवाओं से जुड़े अपराधियों की धर-पकड़ की जा रही है.

मानस पोर्टल की शिकायतों की समीक्षा

बैठक में मानस पोर्टल पर मिली शिकायतों की स्थिति की व्यापक समीक्षा की गई. 16 अगस्त 2026 से 25 सितंबर 2026 के बीच चलाए गए पाक्षिक विशेष अभियानों की प्रगति का भी जायजा लिया गया.

गृह विभाग की सचिव नेहा चम्पावत ने एनकोर्ड से संबंधित जानकारी प्रस्तुति के माध्यम से साझा की. बैठक में पुलिस महानिदेशक अरूण देव गौतम समेत गृह एवं जेल, महिला एवं बाल विकास, कृषि, स्कूल शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.