छत्तीसगढ़ में दिसंबर 2026 में प्रस्तावित नगरपालिका और त्रिस्तरीय पंचायत आम एवं उपचुनावों की तैयारियां तेज हो गई हैं. राज्य निर्वाचन आयोग ने इन चुनावों के लिए निर्वाचक नामावली तैयार करने और पुनरीक्षण का कार्यक्रम जारी किया है. सूची का पुनरीक्षण 1 अक्टूबर 2026 की संदर्भ तिथि के आधार पर किया जाएगा.

नगरपालिका आम निर्वाचन के लिए कुल 417 पदों की निर्वाचक नामावली तैयार की जाएगी. इनमें भिलाई, भिलाई-चरौदा, रिसाली और बीरगांव नगर निगमों के चार महापौर पद, 13 अध्यक्ष पद और 400 पार्षद पद शामिल हैं. नगरपालिका उपचुनाव के लिए एक अध्यक्ष और छह पार्षद पदों की मतदाता सूची भी तैयार की जाएगी.

त्रिस्तरीय पंचायतों के लिए 814 पदों की निर्वाचक नामावली का पुनरीक्षण होगा. इसमें जनपद पंचायत सदस्य का एक पद, सरपंच के 92 पद और पंच के 721 पद शामिल हैं.

दावे-आपत्तियों के बाद अंतिम सूची

राज्य निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार प्रारंभिक निर्वाचक नामावली 23 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित होगी. इसके बाद मतदाताओं से दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी. इनके निराकरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अंतिम निर्वाचक नामावली 30 नवंबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी.

पुनरीक्षण प्रक्रिया की निगरानी के लिए प्रदेश के सभी 33 जिलों में एक-एक निर्वाचक नामावली प्रेक्षक नियुक्त किए जाएंगे. आयोग ने अधिकारियों को सूची को अद्यतन रखने और पूरी प्रक्रिया निर्धारित समय-सीमा में पारदर्शी तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए हैं.