छत्तीसगढ़ में बिजली बिल बकाया जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं पर 31 दिसंबर 2026 के बाद कार्रवाई की तैयारी है. राज्य में करीब 20.50 लाख आम उपभोक्ताओं पर लगभग 2,421 करोड़ रुपये का बिजली बिल बकाया बताया गया है. इनमें सात लाख से अधिक उपभोक्ताओं ने अब तक बकाया राशि जमा नहीं की है.

बकाया वसूली और उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए मुख्यमंत्री समाधान योजना लागू की गई है. योजना के तहत 20.50 लाख पात्र उपभोक्ताओं में से 13.54 लाख को राहत दी जा चुकी है. इन उपभोक्ताओं के कुल 797 करोड़ रुपये माफ किए गए हैं. इसमें 352 करोड़ रुपये मूल राशि और 445 करोड़ रुपये सरचार्ज शामिल हैं.

हालांकि, योजना के जरिए अब तक सिर्फ 125.67 करोड़ रुपये का भुगतान प्राप्त हुआ है. बिजली कंपनी के अधिकारियों के मुताबिक, सरचार्ज में छूट देकर बकायादारों को भुगतान के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है. योजना में पंजीयन कराने वाले कई उपभोक्ताओं को राहत मिल चुकी है, लेकिन सात लाख से अधिक पंजीकृत उपभोक्ताओं ने अब तक कोई राशि जमा नहीं की है.

योजना की अंतिम तिथि 31 दिसंबर 2026 है. कंपनी इस अवधि तक भुगतान के लिए उपभोक्ताओं को प्रेरित करेगी. इसके बाद बकाया नहीं चुकाने वालों के बिजली कनेक्शन काटने और विशेष वसूली अभियान चलाने की तैयारी है.

उपभोक्ताओं के लिए योजना का लाभ लेकर बकाया चुकाने की समयसीमा 31 दिसंबर तक है.