छत्तीसगढ़ के सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर जिलों में पिछले छह से सात महीनों के दौरान 16 लोगों की मौतों से कथित तौर पर जुड़े नर हाथी को छह दिन के अभियान के बाद पकड़ लिया गया. वन विभाग ने हाथी को बेहोश कर हाई-फ्रीक्वेंसी रेडियो कॉलर लगाया और फिर उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया.
स्थानीय स्तर पर हाथी को उसके कान पर मौजूद पिगमेंटेशन और धब्बों के कारण ‘कबरा कान’ कहा जाता है. मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) प्रणय मिश्रा के अनुसार, जरूरी अनुमति मिलने के बाद अभियान 13 नवंबर को शुरू किया गया था. यह हाथी पिछले कुछ महीनों से अकेला घूम रहा था, लेकिन हाल में सरगुजा के उदयपुर क्षेत्र में 17 हाथियों के झुंड में शामिल हो गया था.
घने जंगल और कठिन भूभाग के कारण उसे झुंड से अलग करना चुनौतीपूर्ण था. अभियान में तमोर पिंगला हाथी बचाव एवं पुनर्वास केंद्र से दो प्रशिक्षित कुमकी हाथी, ट्रैकर और महावत शामिल किए गए. हाथियों के झुंड की स्थिति और कबरा कान का पता लगाने के लिए थर्मल ड्रोन का भी इस्तेमाल किया गया.
बुधवार को टीमों ने करीब 600 मीटर ऊंचाई वाली रामगढ़ पहाड़ियों में मोर्चा संभाला. पटाखों की मदद से हाथी को झुंड से अलग किया गया और दोपहर करीब 12:30 बजे उसे बेहोश करने वाली दवा का डार्ट लगाया गया. रेडियो कॉलर लगाने की प्रक्रिया लगभग 3:30 बजे पूरी हुई, जिसके बाद हाथी को होश में लाकर जंगल में छोड़ दिया गया.
वन विभाग अब कॉलर के जरिए उसकी स्थिति और गतिविधियों पर नजर रखेगा. अधिकारियों के मुताबिक, अगले तीन दिनों तक उसके व्यवहार का बारीकी से निरीक्षण होगा. जरूरत पड़ने पर उसे बचाव केंद्र में स्थानांतरित करने के लिए दोबारा अनुमति ली जाएगी.
