रायपुर. छत्तीसगढ़ सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) ने सीधी भर्ती में भूतपूर्व सैनिकों के लिए आरक्षित पदों को लेकर स्पष्टीकरण जारी किया है. इसके अनुसार, यदि किसी भर्ती प्रक्रिया में इन पदों के लिए योग्य उम्मीदवार नहीं मिलते हैं, तो पदों को खाली नहीं रखा जाएगा.
ऐसे रिक्त पदों को चयन सूची या प्रावीण्य (मेरिट) सूची के आधार पर गैर-भूतपूर्व सैनिक अभ्यर्थियों से भरा जा सकेगा. इसका मतलब है कि योग्य पूर्व सैनिक उम्मीदवार उपलब्ध नहीं होने पर पदों को अगले वर्ष के लिए आगे नहीं बढ़ाया जाएगा.
NOC की आवश्यकता नहीं होगी
विभाग ने स्पष्ट किया है कि आरक्षित पदों को गैर-भूतपूर्व सैनिकों से भरने के लिए राज्य सैनिक कल्याण बोर्ड या किसी अन्य संबंधित कार्यालय से अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) लेने की जरूरत नहीं होगी.
यह स्पष्टीकरण छत्तीसगढ़ भूतपूर्व सैनिक नियम, 1985 के नियम 4(3) के तहत दिया गया है. आदेश के अनुसार, इससे सीधी भर्ती से जुड़ी चयन प्रक्रियाओं में बनी स्थिति स्पष्ट होगी और विभागों को नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने में अतिरिक्त औपचारिकता का सामना नहीं करना पड़ेगा.
इस व्यवस्था का लाभ उन भर्ती प्रक्रियाओं में मिलेगा, जहां भूतपूर्व सैनिकों के लिए निर्धारित पदों पर पात्र अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं होते. गैर-भूतपूर्व सैनिक उम्मीदवारों का चयन संबंधित चयन या मेरिट सूची के आधार पर किया जाएगा.
