छत्तीसगढ़ में बेमौसम बारिश और तीन चक्रवातों—अर्नव, मुरासु और अकवान—से धान समेत सब्जी और फलों की फसल को नुकसान पहुंचने का दावा किसान संगठनों ने किया है. संगठनों के अनुसार, कई इलाकों में पककर तैयार धान खेतों में गिर गया है और पानी भरने के कारण कटाई प्रभावित हुई है. कुछ खेतों में हार्वेस्टर मशीनें भी नहीं पहुंच पा रही हैं.
भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष तेजराम विद्रोही ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र भेजकर प्रभावित किसानों की संपूर्ण कर्जमाफी की मांग की है. किसान नेताओं वेगेन्दे सोनबेर (साहू), सुदेश टिकम और रुपन चंद्राकर ने भी किसानों को आर्थिक राहत देने की मांग रखी है.
65 हजार रुपये प्रति एकड़ मुआवजे की मांग
किसान नेता वेगेन्दे सोनबेर ने नुकसान झेल रहे किसानों के लिए अलग राहत पैकेज घोषित करने की मांग की. उनका कहना है कि नुकसान का सर्वे कराने और मुआवजा देने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन किसानों को अब तक राहत नहीं मिली है. उन्होंने कम से कम 65 हजार रुपये प्रति एकड़ मुआवजा देने की मांग की है.
संगठनों ने धान खरीदी केंद्रों की क्षमता बढ़ाने की भी मांग की. उनके अनुसार, कुछ केंद्रों पर प्रतिदिन 500 क्विंटल खरीदी की जरूरत के मुकाबले करीब 200 क्विंटल की क्षमता उपलब्ध है. इससे निर्धारित दो महीने की अवधि में खरीदी पूरी होने में दिक्कत आ सकती है.
किसान नेताओं ने समर्थन मूल्य के अलावा मिलने वाली 13,859 रुपये की घोषित अंतर राशि को अपर्याप्त बताया और अतिरिक्त आर्थिक सहायता बढ़ाने की मांग की. उन्होंने 2023 में दी गई 917 रुपये प्रति क्विंटल की अतिरिक्त राशि का भी उल्लेख किया.
बीमा और धान खरीदी प्रक्रिया में बदलाव की मांग
किसान संगठनों ने फसल बीमा में खसरा को इकाई मानकर नुकसान का आकलन करने, बीमा कंपनियों से सर्वे कराने और पात्र किसानों को भुगतान देने की मांग की. उन्होंने मौसम की स्थिति को देखते हुए धान खरीदी के टोकन की सीमा हटाने का सुझाव भी दिया.
सुदेश टिकम ने बुजुर्ग और बीमार किसानों के लिए डिजिटल थंब इम्प्रेशन के साथ आधार ओटीपी सत्यापन का विकल्प जारी रखने की मांग की, ताकि परिवार का कोई अन्य सदस्य धान बेचने की प्रक्रिया पूरी कर सके.
