छत्तीसगढ़ खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने विभागीय लक्ष्य पूरा नहीं करने वाले अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने का फैसला किया है. काम में लापरवाही, अनावश्यक देरी और निर्देशों की अनदेखी करने वालों की जवाबदेही तय कर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी.

विभाग के नियंत्रक दीपक अग्रवाल ने विभिन्न जिलों के सहायक नियंत्रकों और निरीक्षकों के कामकाज की समीक्षा की. बैठक में उन्होंने निरीक्षण कार्य, औषधि नमूनों के संग्रहण और लंबित प्रकरणों के निराकरण में तेजी लाने के निर्देश दिए. अधिकारियों से सभी कार्य समय-सीमा के भीतर पूरा करने को कहा गया है.

लंबित आवेदनों और निरीक्षण पर जोर

अग्रवाल ने ब्लड सेंटरों से जुड़े लंबित आवेदनों का समय पर निपटारा कर पोर्टल पर जानकारी अपडेट करने के निर्देश दिए. ब्लड सेंटरों और औषधि निर्माण इकाइयों का निर्धारित मानकों के अनुसार निरीक्षण करने पर भी जोर दिया गया.

चिकित्सा उपकरणों की बिक्री और वितरण से जुड़े प्रतिष्ठानों के पंजीयन प्रमाणपत्रों का प्राथमिकता से सत्यापन करने को कहा गया है. मुख्यमंत्री जन शिकायत निवारण प्रणाली से प्राप्त शिकायतों पर प्राथमिकता के आधार पर स्थल निरीक्षण कर समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए.

उपस्थिति और अवकाश प्रक्रिया में बदलाव

विभाग ने आधार आधारित बायोमेट्रिक उपस्थिति अनिवार्य कर दी है. अधिकारियों और कर्मचारियों को अवकाश आवेदन तथा उसकी स्वीकृति की प्रक्रिया ई-एचआरएमएस पोर्टल के माध्यम से ही पूरी करनी होगी.

अधिकारियों के त्रैमासिक प्रगति विवरण की समीक्षा कर लक्ष्य पूर्ति में सुधार लाने पर भी जोर दिया गया.