छत्तीसगढ़ सरकार ने फायर एनओसी नवीनीकरण के आवेदनों के निपटारे के लिए अधिकतम 30 कार्य दिवस की समय-सीमा तय की है. यह व्यवस्था निर्माण कार्य पूरा होने के बाद जारी की जाने वाली फायर एनओसी के नवीनीकरण पर लागू होगी. सामान्य प्रशासन विभाग ने इस संबंध में अधिसूचना जारी की है.

नई व्यवस्था से प्रदेश के व्यापारिक प्रतिष्ठानों, बहुमंजिला इमारतों और विभिन्न संस्थानों को राहत मिलने की उम्मीद है. अब संबंधित विभागीय प्राधिकारियों को आवेदन प्राप्त होने के बाद निर्धारित अवधि के भीतर प्रक्रिया पूरी करनी होगी. इससे आवेदकों को सेवा मिलने की समय-सीमा और आवेदन की स्थिति को लेकर अधिक स्पष्टता रहेगी.

लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत सेवा

सरकार ने यह निर्णय छत्तीसगढ़ लोक सेवा गारंटी अधिनियम, 2011 के प्रावधानों के तहत लिया है. राजपत्र में जारी अधिसूचना के अनुसार, अधिनियम की धारा 3, 4, 5 और 7 के तहत प्राप्त शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए फायर एनओसी नवीनीकरण को समय-सीमा में उपलब्ध कराई जाने वाली अधिसूचित सेवाओं की सूची में शामिल किया गया है.

इससे पहले निर्धारित समय-सीमा स्पष्ट नहीं होने पर आवेदकों को प्रक्रिया पूरी कराने के लिए अधिक समय लगने की शिकायत रहती थी. नई व्यवस्था का उद्देश्य सरकारी सेवा को अधिक पारदर्शी और समयबद्ध बनाना है.

देरी होने पर अपील का प्रावधान

अधिसूचना में सेवा देने वाले जिम्मेदार अधिकारी, सक्षम प्राधिकारी और अपीलीय प्राधिकारी की जिम्मेदारियां भी तय की गई हैं. यदि आवेदक को 30 कार्य दिवस के भीतर सेवा नहीं मिलती या आवेदन पर उचित निर्णय नहीं लिया जाता, तो वह लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत अपीलीय प्राधिकारी के समक्ष अपील कर सकता है.