छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के इस्तेमाल को बढ़ावा देने के लिए पांच सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने की योजना बनाई है. ये केंद्र रायपुर, दुर्ग, सरगुजा, बिलासपुर और बस्तर संभाग में बनाए जाएंगे. सरकार की योजना पहले साल में 20 AI डेटा लैब शुरू करने की भी है.

राज्य में करीब 1.5 लाख सरकारी कर्मचारियों को AI का प्रशिक्षण देने का लक्ष्य रखा गया है. इसके पहले चरण में 15 हजार कर्मचारियों को NIT, IIIT और IIM जैसे संस्थानों के माध्यम से ट्रेनिंग दी जाएगी. प्रशिक्षण का उद्देश्य सरकारी कामकाज में तकनीक के इस्तेमाल और विभागीय प्रक्रियाओं को बेहतर बनाना है.

रायपुर केंद्र में शोध और तकनीकी काम

छत्तीसगढ़ AI मिशन की पहली स्टीयरिंग कमेटी की बैठक मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में हुई. बैठक में सभी विभागों की जरूरतों के अनुसार AI के उपयोग की योजना तैयार करने पर चर्चा की गई. सूचना प्रौद्योगिकी विभाग को अन्य विभागों के साथ मिलकर इस योजना पर काम करने के निर्देश दिए गए.

रायपुर में प्रस्तावित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का काम NIT और IIIT नया रायपुर के सहयोग से आगे बढ़ाया जा रहा है. इन केंद्रों पर AI से जुड़े तकनीकी काम, शोध और नए प्रयोगों को बढ़ावा देने की योजना है. 20 डेटा लैब के जरिए डेटा और तकनीकी रिसर्च को आगे बढ़ाने का प्रस्ताव है.

छात्रों और शोधकर्ताओं के लिए भी योजना

सरकार स्कूल, कॉलेज और तकनीकी संस्थानों के विद्यार्थियों के लिए AI से जुड़े विशेष पाठ्यक्रम और डिजिटल अध्ययन सामग्री तैयार करेगी. पहले साल में हजारों युवाओं को नई तकनीक का प्रशिक्षण देने का लक्ष्य रखा गया है.

शैक्षणिक संस्थानों के साथ AI रिसर्च को बढ़ावा देने के लिए शोध परियोजनाओं को अनुदान देने, चेयर और फेलोशिप शुरू करने के प्रस्ताव भी शामिल हैं. बैठक में राज्य के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.