सितंबर के अंतिम सप्ताह में हुई तेज बारिश और बाढ़ से छत्तीसगढ़ के 22 जिले प्रभावित हुए हैं. प्रारंभिक आकलन के अनुसार, 1,083 गांवों के 74,130 से अधिक लोग बाढ़ और जलभराव की चपेट में आए. आपदा में 15 लोगों की मौत हुई है. छह हजार हेक्टेयर से अधिक फसल और 1,220 से ज्यादा पशुधन के नुकसान का भी आकलन किया गया है.

सुकमा और बस्तर सबसे अधिक प्रभावित जिले बताए गए हैं. सुकमा के 25 गांवों में 40,714 लोग, जबकि बस्तर के 145 गांवों में 20,212 लोग प्रभावित हुए. कई परिवारों को घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा. प्रशासन ने इन दोनों जिलों में राहत और बचाव कार्यों को प्राथमिकता दी है.

राज्यभर में बाढ़ में फंसे 49,793 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया. इनमें सुकमा के करीब 40 हजार और रायपुर के 5,600 से अधिक लोग शामिल हैं. प्रभावित लोगों के लिए 152 राहत शिविर बनाए गए हैं, जहां 11,945 से अधिक लोगों के रहने और भोजन की व्यवस्था की गई है.

बारिश और बाढ़ से 2,103 मकान पूरी तरह और 7,947 मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं. यानी कुल 10 हजार से अधिक मकानों को नुकसान पहुंचा है.

राहत राशि और लंबित भुगतान

प्रभावित लोगों को अब तक दो करोड़ रुपये से अधिक की सहायता दी गई है. इसमें जनहानि के लिए 16 लाख, पशुहानि के लिए 26.17 लाख, मकान क्षति के लिए 1.61 करोड़ और फसल नुकसान के लिए 12.82 लाख रुपये शामिल हैं.

कुछ मामलों में भुगतान अभी लंबित है. इनमें जनहानि के 24 लाख, पशुहानि के 2.18 लाख, मकान क्षति के 20.26 लाख और फसल नुकसान के 4.96 लाख रुपये शामिल हैं. राज्य सरकार ने राजस्व और कृषि विभाग की टीमों को नुकसान का अंतिम आकलन जल्द पूरा करने और पात्र लोगों को राहत राशि का तत्काल भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं.