छत्तीसगढ़ के बस्तर, रायपुर और दुर्ग संभागों में लगातार तीसरे दिन अतिवृष्टि से जनजीवन प्रभावित है. बस्तर में इंद्रावती और शबरी समेत कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं. पड़ोसी ओडिशा में इंद्रावती नदी पर बने खातीगुड़ा बांध और इसकी सहायक नदी मुरान के बांध के गेट खोले जाने से बाढ़ की स्थिति और गंभीर हुई है.

बस्तर में रेस्क्यू अभियान

बस्तर जिले में 250 मिलीमीटर तक बारिश दर्ज की गई है. नगरनार क्षेत्र के भेजापदर, तोकापाल के घाट धनोरा और आसपास के एक दर्जन से अधिक गांवों में बाढ़ में फंसे ग्रामीणों को SDRF ने सुरक्षित निकालकर राहत शिविरों में भेजा. सौ से अधिक मकानों के क्षतिग्रस्त होने की सूचना है. बस्तर संभाग में 300 से अधिक गांव बाढ़ के पानी से घिरकर टापू जैसे हालात में पहुंच गए हैं. सबसे अधिक असर सुकमा, बीजापुर और बस्तर जिलों में बताया गया है.

धमतरी में गंगरेल बांध के सभी 14 गेट करीब 28 साल बाद खोले गए. बांध से ढाई लाख क्यूसेक से अधिक पानी छोड़े जाने की जानकारी है. निचली बस्तियों में पानी भरने से कोंटा से जगदलपुर तक कई मकान प्रभावित हुए हैं.

सड़क, रेल और हवाई सेवा प्रभावित

रायपुर-कोंटा राष्ट्रीय राजमार्ग-30 और जगदलपुर-बीजापुर-भोपालपत्तनम राष्ट्रीय राजमार्ग-63 कई स्थानों पर बाधित हैं. किरंदुल-कोत्तावालसा रेललाइन के कोरापुट रेलखंड में चार जगह भूस्खलन से पटरी क्षतिग्रस्त हुई है. सभी ट्रेनें रद्द हैं और रेलमार्ग बहाल होने में तीन से चार दिन लगने का अनुमान है. हैदराबाद-जगदलपुर-रायपुर उड़ान सेवा भी दो दिनों से बंद है.

रायपुर में 110 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. लगातार बारिश के कारण राजनांदगांव में 25 सितंबर को होने वाला झांकी आयोजन एक दिन के लिए टाल दिया गया. मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार शनिवार को कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश, जबकि कुछ स्थानों पर अतिवृष्टि, गरज-चमक, वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है. रविवार से बारिश की तीव्रता और दायरा घटने की संभावना है.