छत्तीसगढ़ सरकार ने चार साल की सैन्य सेवा पूरी कर चुके पूर्व अग्निवीरों के लिए राज्य की तीन सरकारी भर्तियों में 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण का प्रावधान किया है. सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी नियमों के अनुसार यह सुविधा पुलिस आरक्षक, वनरक्षक और जेल प्रहरी के पदों पर लागू होगी.
यह आरक्षण संबंधित अभ्यर्थी की सामाजिक श्रेणी के भीतर समायोजित किया जाएगा. इसका लाभ लेने के लिए आवेदक का छत्तीसगढ़ का पात्र स्थानीय निवासी होना जरूरी होगा. कोई व्यक्ति इस विशेष आरक्षण के आधार पर एक बार नौकरी हासिल करने के बाद दूसरे पद के लिए दोबारा इस कोटे का लाभ नहीं ले सकेगा.
परीक्षा और चयन प्रक्रिया
नियमों के तहत पात्र पूर्व अग्निवीरों को लिखित परीक्षा और शारीरिक योग्यता एवं दक्षता परीक्षा से छूट दी जाएगी. चयन दसवीं कक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार मेरिट सूची से किया जाएगा. समान अंक होने पर अधिक उम्र वाले अभ्यर्थी को प्राथमिकता मिलेगी. थल सेना, नौसेना और वायुसेना के दसवीं कक्षा के समकक्ष प्रमाणपत्रों को भी मान्यता दी जाएगी. केंद्रीय गृह मंत्रालय से प्राप्त मेरिट सूची के आधार पर चयन का विकल्प भी रखा गया है.
सशस्त्र बलों से सेवामुक्त अग्निवीरों के बैचों के लिए प्राथमिकता क्रम तय किया गया है. पहले बैच के पात्र उम्मीदवारों पर पहले विचार होगा, इसके बाद अगले बैचों की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी. पहले बैच को अधिकतम आयु सीमा में पांच साल और अन्य बैचों को तीन साल की अतिरिक्त छूट मिलेगी.
सरकार भर्ती आवेदन के लिए विशेष ऑनलाइन पोर्टल विकसित कर रही है. हालांकि रिक्तियों की संख्या, आवेदन शुरू होने की तारीख और पोर्टल सक्रिय होने का समय अभी स्पष्ट नहीं है. चयनित उम्मीदवारों को नियुक्ति के बाद तीन साल की परिवीक्षा अवधि पूरी करनी होगी.
