छत्तीसगढ़ के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर भाजपा का झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ प्रदेश के सभी जिलों की झुग्गी बस्तियों में राज्योत्सव मनाएगा. कार्यक्रम 1 नवंबर की शाम आयोजित किए जाने की योजना है.
आयोजनों में मां भारती, छत्तीसगढ़ महतारी और पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की तस्वीरों पर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी. इसके बाद मिठाई बांटकर लोगों का मुंह मीठा कराया जाएगा.
प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक संजू नारायण सिंह ने आयोजन को लेकर पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को निर्देश जारी किए हैं. उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ 1 नवंबर 2000 को अलग राज्य बना था और राज्य गठन का फैसला तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने लिया था.
सिंह के मुताबिक, राज्योत्सव को प्रदेश की सभी झुग्गी बस्तियों में उत्साह के साथ मनाने के लिए हर जिले में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी गई है. संभाग स्तर पर प्रभारियों की नियुक्ति कर उन्हें संबंधित जिलों में तैयारियों का समन्वय करने को कहा गया है.
प्रकोष्ठ के प्रदेश मीडिया प्रभारी अनिल बाग ने पदाधिकारियों से अपने-अपने जिलों की झुग्गी बस्तियों में जाकर तैयारियां पूरी करने की अपील की है. उन्होंने 1 नवंबर की शाम होने वाले पुष्पांजलि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के शामिल होने का आग्रह किया.
