छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर राज्य के तीन करोड़ नागरिकों को शुभकामनाएं दीं. पत्र में प्रधानमंत्री ने छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक और जनजातीय विरासत, बस्तर में नक्सलवाद के खिलाफ मिली सफलता तथा सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी समेत विभिन्न विकास कार्यों का उल्लेख किया.
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री की शुभकामनाओं के लिए प्रदेशवासियों की ओर से आभार जताया. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का स्नेह, विश्वास और मार्गदर्शन छत्तीसगढ़ को समृद्ध, सशक्त और विकसित बनाने की दिशा में नई ऊर्जा देता है.
अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में राज्य गठन का स्मरण
प्रधानमंत्री ने पत्र में पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी का स्मरण करते हुए कहा कि 26 वर्ष पहले उनके नेतृत्व में छत्तीसगढ़ का गठन हुआ था. प्रधानमंत्री के अनुसार, राज्य निर्माण से लाखों लोगों की लंबे समय से चली आ रही आकांक्षाएं पूरी हुईं और विकास की नई यात्रा शुरू हुई.
उन्होंने छत्तीसगढ़ से अपने पुराने जुड़ाव का भी उल्लेख किया. पत्र के मुताबिक, संगठन के दिनों से ही सरगुजा के वनांचलों से लेकर बस्तर तक प्रदेश की संस्कृति और जनजीवन को करीब से जानने का अवसर मिला. प्रधानमंत्री ने छत्तीसगढ़ की सरलता, मेहनत और जीवंत सांस्कृतिक परंपराओं को प्रेरणादायक बताया.
बस्तर में शांति और विकास का उल्लेख
प्रधानमंत्री ने नक्सलवाद के खिलाफ मिली सफलता को छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा में महत्वपूर्ण बदलाव बताया. उन्होंने कहा कि कभी नक्सल प्रभावित क्षेत्र के तौर पर पहचाने जाने वाले इलाके अब शांति, विश्वास और विकास के नए केंद्र बन रहे हैं. पत्र में सुरक्षा बलों के साहस और स्थानीय जनता के सहयोग का भी उल्लेख किया गया.
बस्तर ओलंपिक, नियद नेल्लानार, आजीविका उन्नयन योजना और मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर जैसी पहलों को स्थानीय लोगों को सुविधाओं और अवसरों से जोड़ने वाला बताया गया. मुख्यमंत्री साय ने कहा कि नियद नेल्लानार योजना के माध्यम से दूरस्थ गांवों तक सड़क, बिजली, पेयजल, संचार और स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने का काम किया जा रहा है.
कनेक्टिविटी और कल्याणकारी योजनाओं पर जोर
प्रधानमंत्री के पत्र में बताया गया कि छत्तीसगढ़ में 51 हजार करोड़ रुपये से अधिक की रेल परियोजनाओं पर काम चल रहा है. वंदे भारत और अमृत भारत जैसी रेल सेवाओं, सड़क निर्माण और नए एक्सप्रेसवे का भी उल्लेख किया गया. पत्र के अनुसार, राज्य में चार आधुनिक हवाई अड्डों का नेटवर्क विकसित हुआ है और रायपुर-बिलासपुर मार्ग पर यात्रा का समय कम हुआ है.
जनकल्याण योजनाओं के संबंध में पत्र में कहा गया कि 73 लाख जरूरतमंद परिवारों को मुफ्त अनाज मिल रहा है. ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में 22 लाख से अधिक पक्के मकान बनाए जाने, 41 लाख से ज्यादा ग्रामीण परिवारों तक नल से जल पहुंचने और करीब 40 लाख परिवारों को गैस कनेक्शन मिलने का भी दावा किया गया. लगभग ढाई करोड़ आयुष्मान कार्डों का उल्लेख करते हुए स्वास्थ्य सुरक्षा की बात कही गई.
प्रधानमंत्री ने कृषि और महिला सशक्तिकरण योजनाओं का भी जिक्र किया. पत्र के अनुसार, धान खरीदी व्यवस्था से 25 लाख से अधिक किसानों को बेहतर मूल्य मिल रहा है. मुख्यमंत्री साय ने बताया कि धान उत्पादकों को 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदी का लाभ दिया जा रहा है. महतारी वंदन योजना के तहत 68 लाख से अधिक महिलाओं के खातों में हर महीने एक हजार रुपये भेजे जाने की बात भी कही गई.
शिक्षा, तकनीक और ‘अंजोर विजन’
प्रधानमंत्री ने एम्स, आईआईटी, आईआईएम, ट्रिपल आईटी और निफ्ट जैसे संस्थानों को युवाओं के लिए नए अवसरों से जोड़ा. पीएम-सेतु और प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के माध्यम से कौशल विकास पर जोर देने की बात कही गई. छत्तीसगढ़ी, गोंडी, हल्बी और सरगुजिहा जैसी स्थानीय भाषाओं में शुरुआती शिक्षा के प्रयासों का भी उल्लेख हुआ.
नवा रायपुर को तकनीक और नवाचार का केंद्र बनाने की दिशा में इंडिया एआई मिशन और सेमीकंडक्टर मिशन से जुड़ी संभावनाओं का जिक्र किया गया. प्रधानमंत्री ने ‘अंजोर विजन’ को विकसित छत्तीसगढ़ से विकसित भारत के संकल्प से जोड़ते हुए राज्य के उज्ज्वल भविष्य पर विश्वास जताया. मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार विकसित, समृद्ध और आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है.
