लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस पर प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं. उन्होंने छत्तीसगढ़ को भारतीय संस्कृति और लोक आस्था की समृद्ध परंपराओं से सुसज्जित तथा प्राकृतिक संपदा से भरपूर राज्य बताया.
योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर संदेश जारी कर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सर्वांगीण विकास की दिशा में आगे बढ़े. उन्होंने मां दंतेश्वरी से प्रार्थना की कि प्रदेश का प्रत्येक नागरिक सुखी, समृद्ध और सशक्त हो.
छत्तीसगढ़ 1 नवंबर 2000 को मध्य प्रदेश से अलग होकर नया राज्य बना था. राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश में तीन दिवसीय ‘छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026’ का शुभारंभ हो रहा है. यह आयोजन नवा रायपुर (अटल नगर) में किया जा रहा है. इस वर्ष राज्योत्सव की थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ रखी गई है.
छत्तीसगढ़ को उसकी प्राकृतिक सुंदरता, जनजातीय विरासत और सांस्कृतिक परंपराओं के लिए जाना जाता है. राज्य को ‘धान का कटोरा’ भी कहा जाता है. बस्तर की आदिम संस्कृति और ढोकरा कला यहां की प्रमुख पहचान में शामिल हैं. चित्रकोट जलप्रपात, तीरथगढ़ के झरने और सिरपुर के ऐतिहासिक मंदिर राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों में गिने जाते हैं.
राज्य स्थापना दिवस पर दिए अपने संदेश में योगी ने छत्तीसगढ़ की समृद्धि और नागरिकों के कल्याण की कामना की.
