रायपुर. छत्तीसगढ़ शासन ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के चार वरिष्ठ अधिकारियों को पदोन्नति दी है. इनमें मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह और गृह एवं जेल विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारिक को अपर मुख्य सचिव के पद पर पदोन्नत किया गया है. वहीं वित्त विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव और स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह को प्रमुख सचिव वेतनमान में पदोन्नति मिली है.

सामान्य प्रशासन विभाग के आदेश के अनुसार, भारत सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग के 13 अक्टूबर 2026 के पत्र के आधार पर मुख्य सचिव और प्रमुख सचिव वेतनमान में दो-दो रिक्तियों का निर्धारण किया गया था. पदोन्नतियां कार्यभार ग्रहण करने की तारीख से प्रभावी होंगी और अधिकारियों को आगामी आदेश तक नई पदस्थापना दी गई है.

सुबोध सिंह और निहारिका बारिक को नई जिम्मेदारी

सुबोध कुमार सिंह को मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव पद से पदोन्नत कर मुख्यमंत्री का अपर मुख्य सचिव बनाया गया है. वे इससे पहले रायगढ़, बिलासपुर और रायपुर के कलेक्टर रह चुके हैं. उन्होंने नागरिक आपूर्ति निगम, मार्कफेड और गृह निर्माण मंडल में भी जिम्मेदारियां संभाली हैं. मुख्यमंत्री सचिवालय में वर्ष 2009 से 2018 तक संयुक्त सचिव से सचिव स्तर तक काम करने के दौरान उन्होंने ‘जनदर्शन’ और ‘लोक सुराज’ अभियानों की ऑनलाइन ट्रैकिंग व्यवस्था शुरू कराई थी.

केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के दौरान सिंह ने खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय और इस्पात मंत्रालय में काम किया. जून 2023 से जून 2024 तक वे राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) के महानिदेशक भी रहे. दिसंबर 2024 में छत्तीसगढ़ लौटने के बाद उन्हें मुख्यमंत्री का प्रमुख सचिव बनाया गया था. अब उन्हें मुख्यमंत्री का अपर मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है.

निहारिका बारिक को गृह एवं जेल विभाग की प्रमुख सचिव से पदोन्नत कर इसी विभाग का अपर मुख्य सचिव बनाया गया है. वे 1997 बैच की छत्तीसगढ़ कैडर की अधिकारी हैं और मई 2026 में राज्य की पहली महिला गृह सचिव बनी थीं. इससे पहले वे पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग की प्रमुख सचिव रह चुकी हैं. उन्होंने महासमुंद की कलेक्टर, बिलासपुर संभाग की कमिश्नर और छत्तीसगढ़ भवन की रेजिडेंट कमिश्नर के रूप में भी काम किया है.

रोहित यादव और कमलप्रीत सिंह प्रमुख सचिव बने

वर्ष 2002 बैच के डॉ. रोहित यादव को वित्त विभाग के सचिव पद से पदोन्नत कर प्रमुख सचिव बनाया गया है. आदेश में उन्हें स्कूल शिक्षा विभाग का प्रमुख सचिव नियुक्त किए जाने का उल्लेख है. यादव सरगुजा और रायपुर के कलेक्टर रह चुके हैं. केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के दौरान उन्होंने वाणिज्य मंत्रालय, इस्पात मंत्रालय और प्रधानमंत्री कार्यालय में जिम्मेदारियां निभाईं. मई 2026 से वे छत्तीसगढ़ के वित्त विभाग के सचिव के रूप में कार्यरत थे.

डॉ. कमलप्रीत सिंह को भी प्रमुख सचिव वेतनमान में पदोन्नति दी गई है. वे मई 2026 से स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव की जिम्मेदारी संभाल रहे थे. अपने करियर में उन्होंने बस्तर और दुर्ग में एसडीओ, रायपुर नगर निगम आयुक्त तथा कोरिया और सरगुजा के कलेक्टर के रूप में काम किया. इसके अलावा वे स्वास्थ्य, वित्त, आबकारी, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, परिवहन, कृषि और लोक निर्माण विभाग में विभिन्न पदों पर रह चुके हैं.