छत्तीसगढ़ में डाक सेवाओं के प्रशासनिक ढांचे का विस्तार किया गया है. भारतीय डाक विभाग ने राज्य में चार नए डाक संभाग और पांच नए उप संभाग गठित किए हैं. इस पुनर्गठन का उद्देश्य विभागीय कामकाज को अधिक सुगम बनाना और दूरस्थ क्षेत्रों तक डाक नेटवर्क के संचालन में सुधार करना है.

मुख्य पोस्टमास्टर जनरल कार्यालय की ओर से जारी आदेश के बाद नवगठित संभागों और उप संभागों में अधिकारियों की पदस्थापना और तबादले शुरू कर दिए गए हैं. अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां संभालने के निर्देश दिए गए हैं.

आदेश के अनुसार, एआर साहू को कांकेर से स्थानांतरित कर रायगढ़ में पदस्थ किया गया है. सौरभ श्रीवास्तव को राजनांदगांव से स्थानांतरित कर बस्तर डाक संभाग की जिम्मेदारी दी गई है. वहीं, पूजा तिवारी को रायपुर पोस्ट मास्टर के पद से स्थानांतरित कर आरपीटी रायपुर डाक संभाग में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है.

प्रशासनिक कामकाज के बंटवारे पर जोर

नए संभागों और उप संभागों के गठन से डाक विभाग के प्रशासनिक कार्यों का बेहतर बंटवारा होने की उम्मीद है. इससे राज्य के सुदूर और दूरस्थ इलाकों में डाक सेवाओं के संचालन को व्यवस्थित करने में मदद मिल सकती है.

हालांकि, आम लोगों को सेवाओं की गति और गुणवत्ता में कितना प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा, यह नई व्यवस्था के पूरी तरह लागू होने के बाद ही स्पष्ट होगा.