छत्तीसगढ़ में नवरात्रि के दौरान होने वाले गरबा आयोजनों को लेकर वक्फ बोर्ड, कांग्रेस, भाजपा और बजरंग दल के बीच बयानबाजी शुरू हो गई है. वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज ने मुस्लिम युवाओं से गरबा में शामिल होने से पहले आयोजन समिति की अनुमति लेने की अपील की है.

डॉ. सलीम राज ने कहा कि गरबा आस्था से जुड़ा आयोजन है और यह मुस्लिम समाज की धार्मिक आस्था का हिस्सा नहीं है. उनके अनुसार, मुस्लिम युवक गरबा में जाएं तो आयोजन से जुड़े धार्मिक नियमों का पालन करें, मूर्ति पूजा में शामिल हों, तिलक लगाएं और कलावा बांधें. उन्होंने युवाओं से अपनी मां और बेटियों के साथ गरबा में शामिल होने तथा दूसरे समाज की महिलाओं के साथ गरबा नहीं करने की अपील की.

उन्होंने गरबा आयोजनों में छेड़छाड़ और कथित ‘लव जिहाद’ जैसे मामलों का भी उल्लेख किया. डॉ. राज ने कहा कि अगर कोई व्यक्ति नाम बदलकर गरबा में शामिल होता है तो उसके खिलाफ FIR दर्ज होनी चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि गरबा को पर्यटन या मनोरंजन का केंद्र नहीं समझना चाहिए.

कांग्रेस और भाजपा आमने-सामने

कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने डॉ. राज के बयान पर आपत्ति जताई. उन्होंने आरोप लगाया कि वक्फ बोर्ड अध्यक्ष भाजपा की चापलूसी के लिए ऐसे बयान दे रहे हैं. शुक्ला ने कहा कि मुस्लिम युवक गरबा में बहुत कम संख्या में जाते हैं और कई गरबा समितियां गैर-समुदाय के लोगों को शामिल करने से बचती हैं. उन्होंने मुस्लिम समाज के धर्मगुरुओं से इस बयान पर संज्ञान लेने की अपील की.

भाजपा प्रवक्ता अनुराग अग्रवाल ने कांग्रेस के बयान पर पलटवार किया. उन्होंने कहा कि डॉ. राज ने मुस्लिम युवाओं से गरबा में शामिल नहीं होने की अपील की है, क्योंकि इस्लाम में मूर्ति पूजा का स्थान नहीं है. अग्रवाल ने कांग्रेस से सवाल किया कि क्या वह धर्मगुरुओं को उकसाकर छत्तीसगढ़ में फतवा जारी करवाना चाहती है.

बजरंग दल ने सुरक्षा व्यवस्था की मांग की

बजरंग दल ने गरबा आयोजकों से धार्मिक मर्यादा बनाए रखने को कहा है. रायपुर जिला संयोजक भूषण साहू के अनुसार, संगठन ने गैर-हिंदुओं के प्रवेश पर रोक सहित 14 बिंदुओं को लेकर जिला प्रशासन से स्पष्ट निर्देश जारी करने की मांग की है.

संगठन ने कलेक्टर को दिए आवेदन में अलग प्रवेश-निकास व्यवस्था, पहचान पत्र और सुरक्षा जांच, CCTV कैमरे, महिला सुरक्षा कर्मियों की तैनाती तथा शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की. बजरंग दल ने कहा कि छेड़छाड़ या विवाद की स्थिति में आयोजक खुद कार्रवाई करने के बजाय तुरंत पुलिस को सूचना दें.