छत्तीसगढ़ की पारंपरिक सुगंधित चावल किस्मों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में पहचान दिलाने की तैयारी शुरू हो गई है. कृषि मंत्री रामविचार नेताम के नेतृत्व में राज्य के प्रतिनिधिमंडल ने स्पेन के बार्सिलोना में अंतरराष्ट्रीय व्यापार संस्था फिरा बार्सिलोना के सीईओ रिकार्ड जेप्टरो के साथ व्यावसायिक चर्चा की.

चर्चा में छत्तीसगढ़ के कृषि उत्पादों की वैश्विक ब्रांडिंग, अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनियों में भागीदारी, निर्यात की संभावनाओं और यूरोपीय बाजारों तक पहुंच बनाने जैसे मुद्दे शामिल रहे. भारत के काउंसिल जनरल आर्स निसार की मौजूदगी में हुई बैठक में फिरा बार्सिलोना की ओर से राज्य सरकार के साथ समन्वय कर विशिष्ट कृषि उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनियों में प्रदर्शित और प्रचारित करने में सहयोग का भरोसा दिया गया.

राज्य की जीराफूल, जवाफूल, नगरी दुबराज और कालीमूंछ जैसी चावल किस्मों को यूरोपीय बाजारों तक पहुंचाने की योजना है. जीराफूल और नगरी दुबराज को जीआई टैग प्राप्त है. इनकी खुशबू, स्वाद और गुणवत्ता को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ावा मिलने से किसानों को बेहतर मूल्य मिलने की उम्मीद है.

इस पहल से किसान उत्पादक संगठनों, कृषि उद्यमियों और निर्यातकों को विदेशी खरीदारों से सीधे जुड़ने के अवसर मिल सकते हैं. इससे पारंपरिक धान की किस्मों के संरक्षण को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है.

छत्तीसगढ़ की निर्यात प्रोत्साहन नीति 2026-30 में वर्ष 2030 तक निर्यात दोगुना करने का लक्ष्य रखा गया है. बार्सिलोना के साथ हुई चर्चा को इसी लक्ष्य से जोड़कर देखा जा रहा है.