छत्तीसगढ़ में पहली बार सरकारी कॉलेजों के युक्तियुक्तकरण की तैयारी शुरू हुई है. उच्च शिक्षा संचालनालय ने कम छात्र संख्या वाले कॉलेजों की स्थिति का विस्तृत आकलन शुरू किया है. इसी आधार पर कुछ कॉलेजों को दूसरे संस्थानों में मर्ज करने पर विचार किया जा सकता है. अभी इस संबंध में अंतिम निर्णय नहीं हुआ है.
राज्य के सात सरकारी कॉलेजों में 2025-26 के दौरान स्नातक और स्नातकोत्तर स्तर पर एक भी छात्र दर्ज नहीं हुआ. इसके अलावा 23 कॉलेज ऐसे हैं, जहां कुल छात्र संख्या 100 से कम रही. 38 कॉलेजों में स्नातक और स्नातकोत्तर मिलाकर 200 से कम विद्यार्थी दर्ज हैं.
पांच साल का रिकॉर्ड मांगा गया
उच्च शिक्षा संचालनालय ने क्षेत्रीय कार्यालयों के अपर संचालकों के माध्यम से कॉलेजों से वर्ष 2021-22 से 2025-26 तक की जानकारी मांगी है. इसमें हर वर्ष के दाखिले, स्वीकृत सीटें, शिक्षकों के स्वीकृत और रिक्त पद, शासन से मिले बजट तथा छात्र संख्या में वृद्धि या कमी का प्रतिशत शामिल है.
कॉलेजों को बीए, बीकॉम, बीएससी और अन्य पाठ्यक्रमों में स्वीकृत सीटों और दर्ज विद्यार्थियों का अलग-अलग वर्षवार ब्योरा देना होगा. इसके साथ ही आसपास के अन्य कॉलेजों की दूरी और स्कूली स्तर पर उपलब्ध संभावित विद्यार्थियों की संख्या की जानकारी भी मांगी गई है.
कॉलेजों को कुल दर्ज विद्यार्थियों के आधार पर चार श्रेणियों में रखा गया है—शून्य छात्र, 1 से 100, 101 से 200 और 201 से 300 विद्यार्थी.
शून्य प्रवेश वाले कॉलेजों में बीएएलएलबी नवीन शासकीय महाविद्यालय कुरुद, शासकीय महाविद्यालय नगरनार और किलेपाल, नवीन संगीत महाविद्यालय तथा नवीन शासकीय शारीरिक शिक्षा स्नातक महाविद्यालय रायगढ़, शासकीय महाविद्यालय फरसाबहार और शासकीय महाविद्यालय करडेगा शामिल हैं.
पांच वर्षों में खुले 64 नए कॉलेज
छत्तीसगढ़ में इस समय 343 सरकारी कॉलेज हैं. 2009-10 में इनकी संख्या 159 थी. पिछले पांच वर्षों में 64 नए सरकारी कॉलेज खोले गए. संचालनालय के आकलन में कॉलेजों की छात्र संख्या के साथ भवन, लैब और लाइब्रेरी जैसी सुविधाओं की स्थिति भी महत्वपूर्ण होगी. कई नए कॉलेज अभी अपने भवन के बजाय सीमित कमरों में संचालित होने की जानकारी सामने आई है.
उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा के अनुसार, फिलहाल कॉलेजों में उपलब्ध सीटों, प्रवेश की स्थिति और बजट से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है.
