छत्तीसगढ़ में आईएएस, आईपीएस और आईएफएस अधिकारियों को छोड़कर अन्य सभी शासकीय सेवकों का वार्षिक कार्य निष्पादन प्रतिवेदन (ACR) अब डिजिटल माध्यम से तैयार और स्वीकृत किया जाएगा. सामान्य प्रशासन विभाग ने इसके लिए राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (NIC) के पोर्टल का इस्तेमाल अनिवार्य करते हुए दिशा-निर्देश जारी किए हैं.
नई व्यवस्था के तहत ACR से जुड़े काम के लिए पुराने प्रपत्रों की जगह नए निर्धारित प्रारूप लागू किए गए हैं. प्रथम, द्वितीय और कार्यपालक तृतीय श्रेणी के कर्मचारियों के लिए अलग-अलग प्रपत्र तय किए गए हैं.
निर्देशों में कहा गया है कि ACR उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में एनआरसी जारी करने की जिम्मेदारी संबंधित विभाग के सचिव या कार्यालय प्रमुख की होगी. विभागाध्यक्षों, संभागायुक्तों और कलेक्टरों को व्यवस्था का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं.
सरकार के अनुसार, डिजिटल प्रक्रिया लागू होने से ACR फाइलों के गुम होने और समय पर प्रतिवेदन उपलब्ध नहीं होने जैसी समस्याएं कम होंगी. इसके अलावा पदोन्नति, क्रमोन्नति और समयमान वेतनमान से जुड़े मामलों का निर्धारित समय-सीमा में निपटारा करना होगा. डिजिटल रिकॉर्ड से कर्मचारियों के सेवा संबंधी दस्तावेजों को सुरक्षित रखने और प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है.
