छत्तीसगढ़ शासन ने राज्य के सभी शासकीय अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए आईगाट कर्मयोगी पोर्टल पर नियमित ऑनलाइन प्रशिक्षण अनिवार्य कर दिया है. नई व्यवस्था के तहत हर महीने कम से कम एक कोर्स पूरा करना होगा. प्रशिक्षण में लापरवाही का असर वार्षिक गोपनीय चरित्रावली यानी एसीआर पर पड़ सकता है.

सामान्य प्रशासन विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुसार, नवंबर 2026 से मार्च 2027 के बीच अधिकारियों और कर्मचारियों को न्यूनतम पांच पाठ्यक्रम सफलतापूर्वक पूरे करने होंगे. प्रत्येक पाठ्यक्रम की अवधि कम से कम एक घंटे निर्धारित की गई है.

एसीआर और स्पैरो पोर्टल से जुड़ेगा प्रशिक्षण रिकॉर्ड

आईगाट पोर्टल पर पूरे किए गए पाठ्यक्रम, अर्जित क्रेडिट और अन्य प्रशिक्षण गतिविधियों का विवरण अधिकारियों-कर्मचारियों की वार्षिक कार्य प्रदर्शन आकलन रिपोर्ट से जोड़ा जा रहा है. इसके लिए प्रशिक्षण रिकॉर्ड को स्पैरो पोर्टल से लिंक किया जाएगा.

निर्धारित समयसीमा में प्रशिक्षण पूरा नहीं करने पर संबंधित कर्मचारी की एसीआर में प्रतिकूल प्रभाव दर्ज किया जा सकता है. इससे सेवा रिकॉर्ड और पदोन्नति संबंधी मूल्यांकन पर असर पड़ने की संभावना रहेगी.

विभागाध्यक्षों को पाठ्यक्रम तय करने के निर्देश

राज्य शासन ने विभागाध्यक्षों और कार्यालय प्रमुखों को अपने अधीनस्थ कर्मचारियों के पद, जिम्मेदारियों और कार्यप्रणाली के अनुरूप उपयुक्त पाठ्यक्रम चुनकर असाइन करने के निर्देश दिए हैं.

शासन के अनुसार, यह पहल राष्ट्रीय सिविल सेवा क्षमता विकास कार्यक्रम यानी मिशन कर्मयोगी के तहत की गई है. इसका उद्देश्य अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यक्षमता, तकनीकी दक्षता और जनसेवा के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाना है.