रायपुर. छत्तीसगढ़ के शासकीय चिकित्सा महाविद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए सहबद्ध और स्वास्थ्य देखरेख क्षेत्र से जुड़े 11 पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है. इनमें तीन डिप्लोमा और आठ स्नातक पाठ्यक्रम शामिल हैं.
डिप्लोमा स्तर पर एनेस्थीसिया एवं ऑपरेशन थिएटर टेक्नोलॉजी, डायलिसिस टेक्नोलॉजी और मेडिकल लेबोरेटरी टेक्नोलॉजी में प्रवेश दिया जाएगा. स्नातक स्तर पर बैचलर ऑफ फिजिशियन एसोसिएट्स, बैचलर ऑफ साइंस हेल्थ इन्फॉर्मेशन मैनेजमेंट, बैचलर ऑफ मेडिकल रेडियोलॉजी एवं इमेजिंग टेक्नोलॉजी, बैचलर ऑफ एनेस्थीसिया एवं ऑपरेशन थिएटर टेक्नोलॉजी और बैचलर ऑफ रेडिएशन थेरेपी टेक्नोलॉजी शामिल हैं.
इसके अलावा बैचलर्स ऑफ डायलिसिस थेरेपी टेक्नोलॉजी, बैचलर ऑफ ऑप्टोमेट्री और बैचलर ऑफ मेडिकल लेबोरेटरी साइंस में भी प्रवेश का अवसर है.
इन पाठ्यक्रमों से जुड़े कार्यक्षेत्र
इन पाठ्यक्रमों के जरिए विद्यार्थियों को चिकित्सा सेवाओं से जुड़े तकनीकी क्षेत्रों में प्रशिक्षण मिल सकता है. रेडियोलॉजी एवं इमेजिंग से जुड़े पाठ्यक्रमों का संबंध एक्स-रे, सीटी और एमआरआई जांच सेवाओं से है. मेडिकल लेबोरेटरी क्षेत्र में पैथोलॉजी लैब, ब्लड बैंक और शोध प्रयोगशालाओं में काम के अवसर हो सकते हैं.
एनेस्थीसिया और ऑपरेशन थिएटर से जुड़े प्रशिक्षित लोगों की भूमिकाएं शल्य कक्ष, गहन चिकित्सा इकाई और आपातकालीन विभागों में होती हैं. डायलिसिस पाठ्यक्रम डायलिसिस इकाइयों और गुर्दा रोग विभागों से संबंधित है, जबकि ऑप्टोमेट्री का कार्यक्षेत्र नेत्र अस्पतालों और दृष्टि जांच केंद्रों तक फैला है.
आवेदन से पहले आधिकारिक सूचना देखें
अभ्यर्थियों को आवेदन जमा करने या शुल्क का भुगतान करने से पहले चिकित्सा शिक्षा विभाग की आधिकारिक वेबसाइट cgdme.in पर जारी प्रवेश अधिसूचनाएं पढ़ने की सलाह दी गई है. पात्रता, आवेदन की अंतिम तिथि, शुल्क, प्रवेश प्रक्रिया और अन्य शर्तों की प्रमाणिक जानकारी इन्हीं अधिसूचनाओं से प्राप्त की जा सकती है.
