छत्तीसगढ़ में लंबे समय से बिजली बिल का भुगतान नहीं करने वाले सरकारी कार्यालयों पर बिजली वितरण कंपनी ने कार्रवाई तेज कर दी है. प्रदेशभर में 750 से अधिक सरकारी कार्यालयों के बिजली कनेक्शन काटे गए हैं. कार्रवाई के बाद करीब 400 कार्यालयों ने बकाया राशि जमा कर दी, जिससे कंपनी को 4.43 करोड़ रुपये की वसूली हुई.

बिजली कंपनी की ओर से पहले सरकारी विभागों से लगातार बकाया बिल जमा करने की अपील की जा रही थी. इसके बावजूद कई विभागों ने भुगतान नहीं किया. कई कार्यालय प्रीपेड स्मार्ट मीटर व्यवस्था अपनाने के लिए भी आगे नहीं आए. इसके बाद बकायेदार कार्यालयों के कनेक्शन काटने की कार्रवाई शुरू की गई.

कंपनी के अनुसार, भुगतान मिलने के बाद संबंधित कार्यालयों के कनेक्शन बहाल किए जा रहे हैं. जिन कार्यालयों ने अब तक बकाया जमा नहीं किया है, उनसे संपर्क कर भुगतान करने को कहा जा रहा है. कंपनी का रुख है कि बकाया राशि जमा होने के बाद ही कटे हुए कनेक्शन बहाल किए जाएंगे.

सरकारी विभागों पर हजारों करोड़ का बकाया

राज्य में सरकारी विभागों पर बिजली बिल का कुल बकाया करीब 3,000 करोड़ रुपये बताया गया है. इसमें नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की देनदारी सबसे अधिक है, जो 1,200 करोड़ रुपये से ज्यादा है.

पंचायत एवं ग्रामीण विकास, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, स्कूल शिक्षा, वन, स्वास्थ्य और अनुसूचित जाति विभाग भी बड़े बकायेदारों में शामिल हैं. लंबे समय से भुगतान लंबित रहने से बिजली कंपनी के राजस्व पर दबाव बढ़ रहा है.

नियमित भुगतान सुनिश्चित करने के लिए बिजली कंपनी सरकारी कनेक्शनों में प्रीपेड स्मार्ट मीटर व्यवस्था लागू करने की तैयारी कर रही है. कंपनी के मुताबिक प्रदेश के करीब 80 प्रतिशत सरकारी बिजली कनेक्शनों में स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं. अब संबंधित विभागों को प्रीपेड व्यवस्था अपनाने के लिए भुगतान करना होगा.