छत्तीसगढ़ के शासकीय स्कूलों में अतिरिक्त कक्षा-कक्षों के निर्माण के लिए विकसित भारत-रोजगार और आजीविका के लिए गारंटी मिशन (ग्रामीण), यानी वीबी-जी राम जी, और स्कूल शिक्षा विभाग की राशि का अभिसरण किया जाएगा. इसके तहत स्कूल शिक्षा विभाग प्रत्येक अतिरिक्त कक्षा-कक्ष के निर्माण के लिए 1 लाख रुपये की राशि देगा. इस संबंध में वीबी-जी राम जी के आयुक्त और लोक शिक्षण संचालनालय, छत्तीसगढ़ की ओर से निर्देश जारी किए गए हैं.
भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय की योजना के तहत 375 अनुमेय कार्यों की सूची में शासकीय विद्यालयों के लिए अतिरिक्त कक्षा-कक्ष निर्माण को 166वें क्रमांक पर शामिल किया गया है. स्कूलों में अतिरिक्त कमरों की जरूरत और स्कूलवार सूची लोक शिक्षण संचालनालय उपलब्ध कराएगा.
अलग-अलग स्कूलों के लिए निर्धारित प्राक्कलन
निर्देशों के अनुसार, शासकीय प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक स्कूलों में अतिरिक्त कक्षा-कक्ष बनाने के लिए 7.09 लाख रुपये का प्राक्कलन निर्धारित किया गया है. इसमें स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से प्रति निर्माण 1 लाख रुपये की अभिसरण राशि दी जाएगी.
वहीं, शासकीय हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूलों में अतिरिक्त कक्षा-कक्ष निर्माण के लिए 10.63 लाख रुपये का प्राक्कलन उपलब्ध कराया गया है. यह राशि लोक शिक्षण संचालनालय ने ग्रामीण यांत्रिकी सेवा की दरों के आधार पर तय की है. इन निर्माण कार्यों के लिए भी स्कूल शिक्षा विभाग प्रति कक्षा-कक्ष 1 लाख रुपये देगा.
ग्रामसभा की मंजूरी जरूरी
निर्माण कार्य ग्रामसभा के अनुमोदन के बाद योजना के दिशा-निर्देशों और प्रावधानों के तहत कराए जाएंगे. जिला और विकासखंड स्तर पर निर्धारित व्यय प्रतिशत सुनिश्चित करना होगा. साथ ही, कार्यस्थल की तकनीकी उपयुक्तता की जांच भी की जाएगी.
निर्देशों के मुताबिक, निर्माण कार्यों को सिक्योर के प्रावधानों के अनुसार नियमानुसार स्वीकृति देकर पूरा कराया जाएगा.
