छत्तीसगढ़ के सरकारी स्कूलों को हर साल छोटी जरूरतों के लिए मिलने वाली राशि के इस्तेमाल की अब सीधे शाला प्रमुखों से जानकारी ली जा रही है. विकासखंड स्तर पर प्राचार्यों और हेडमास्टरों को बुलाकर खर्च से जुड़े रिकॉर्ड मंगाए जा रहे हैं. जांच में यह देखा जा रहा है कि राशि खर्च हुई या नहीं और खर्च होने पर उसका उपयोग तय मद तथा विद्यार्थियों की जरूरतों के अनुसार हुआ या नहीं.

बच्चों की संख्या के आधार पर तय होती है राशि

सर्व शिक्षा अभियान के तहत प्राइमरी, मिडिल, हाई और हायर सेकेंडरी स्कूलों को छोटी आवश्यकताओं के लिए हर साल बजट दिया जाता है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार यह राशि स्कूल में दर्ज विद्यार्थियों की संख्या के आधार पर तय होती है. स्कूलों को आम तौर पर 20 हजार से 70 हजार रुपये तक मिलते हैं.

इस बजट के उपयोग के लिए अलग-अलग मद निर्धारित हैं. इनमें स्टेशनरी, रजिस्टर, बोर्ड, वॉल पेंटिंग और स्कूल प्रबंधन समिति की बैठक से जुड़े खर्च शामिल हैं. इस बार जांच का मुख्य बिंदु यह है कि जिस उद्देश्य के लिए राशि जारी हुई, क्या वास्तव में उसी जरूरत पर पैसा खर्च किया गया.

रिपोर्ट मुख्यालय भेजी जाएगी

पहले स्कूलों के खर्च का हिसाब विकासखंड शिक्षा अधिकारी स्तर से रिपोर्ट मंगाकर और उसी आधार पर ऑडिट करके लिया जाता था. नई व्यवस्था में शाला प्रमुखों से सीधे रिकॉर्ड लेकर खर्च की पड़ताल की जा रही है. जांच के बाद रिपोर्ट मुख्यालय भेजी जाएगी. परीक्षण के आधार पर प्राचार्यों और हेडमास्टरों को प्रशिक्षण देने पर भी विचार किया जा सकता है.

शिक्षा विभाग के अधिकारियों को यह इनपुट मिला है कि बस्तर के दूरस्थ ग्रामीण इलाकों के कुछ स्कूलों में 20 से 22 हजार रुपये तक की राशि खर्च नहीं हो रही है. वहां गतिविधियां कम होने के कारण बजट बच जाने की बात सामने आई है. वास्तविक खर्च का रिकॉर्ड लेने से ऐसे स्कूलों की पहचान होने की उम्मीद है.