छत्तीसगढ़ सरकार ने वर्ष 2030 तक राज्य की हरित ऊर्जा क्षमता को मौजूदा करीब 3,000 मेगावाट से बढ़ाकर 15,000 मेगावाट करने का लक्ष्य तय किया है. बिजली की कुल मांग में हरित ऊर्जा की हिस्सेदारी 15 प्रतिशत से बढ़ाकर 45 प्रतिशत से अधिक करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है.

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित भारत नवीकरणीय ऊर्जा शिखर सम्मेलन एवं एक्सपो 2026 की उच्चस्तरीय गोलमेज बैठक में यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि अगले पांच वर्षों में छत्तीसगढ़ के ऊर्जा क्षेत्र में करीब 5.60 लाख करोड़ रुपये के निवेश की संभावना है और देश-विदेश के निवेशकों को राज्य में परियोजनाएं स्थापित करने के लिए आमंत्रित किया.

नवीकरणीय और ताप विद्युत परियोजनाओं की योजना

राज्य में 23,923 मेगावाट क्षमता वाली नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं के लिए करीब 1.33 लाख करोड़ रुपये के निवेश का अनुमान है. ताप विद्युत उत्पादन क्षमता के विस्तार में करीब 3.27 लाख करोड़ रुपये निवेश की योजना बताई गई है. बढ़ती बिजली मांग को देखते हुए सौर, जल, बायोमास और ऊर्जा भंडारण परियोजनाओं के साथ ताप विद्युत का संतुलित विकास करने की बात कही गई है.

भरोसेमंद बिजली आपूर्ति के लिए 12,300 मेगावाट क्षमता की 10 पंप स्टोरेज जल विद्युत परियोजनाएं चिह्नित की गई हैं. इनमें करीब 65,000 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव है. अगले दो वर्षों में 10,000 मेगावाट-घंटे क्षमता वाली बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणाली स्थापित करने की योजना है. राजनांदगांव में 100 मेगावाट की सौर परियोजना के साथ बैटरी भंडारण प्रणाली संचालित होने की जानकारी भी दी गई.

सौर ऊर्जा और जैव ईंधन पर जोर

मुख्यमंत्री के अनुसार, राजनांदगांव जिले का खैरा गांव राज्य का पहला पूरी तरह सौर ऊर्जा से संचालित गांव बना है. गांव के 141 घरों की छतों पर दो-दो किलोवाट के सोलर पैनल लगाए गए हैं, जिनकी कुल क्षमता 282 किलोवाट है. प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत करीब 1.26 लाख संयंत्र लगाए जा चुके हैं. 1.66 लाख सौर सिंचाई पंपों से करीब 1.94 लाख हेक्टेयर भूमि की सिंचाई होने की बात कही गई.

कृषि अवशेष, गोबर और अन्य जैविक संसाधनों से कंप्रेस्ड बायोगैस, बायो-एथेनॉल और ग्रीन हाइड्रोजन तैयार करने की संभावनाओं पर भी काम चल रहा है. 80 टन क्षमता वाले आठ कंप्रेस्ड बायोगैस संयंत्रों के लिए करीब 800 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव है. सरकार ऊर्जा सुरक्षा, औद्योगिक विकास और पर्यावरण संरक्षण के साथ रोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर दे रही है.